आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने भारत की आर्थिर रफ्तार पर ब्रेक के लिए नोटबंदी और जीएसटी को बड़ी वजह बताने के साथ-साथ मौजूदा विकास दर को नाकाफी बताया. उन्होंने पीएमओ की भूमिका पर भी सवाल उठाया है. शनिवार को छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले दौर के मतदान के लिए प्रचार का दौर थम गया है. नीतीश कुमार द्वारा उपेंद्र कुशवाहा को नीच कहने के खिलाफ अखिल भारतीय कुशवाहा महासंघ ने पटना में विरोध मार्च निकाला. इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुए, जिसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए. पढ़िए शाम की पांच बड़ी खबरें.....
नोटबंदी-GST तरक्की में अड़चन, हर फैसले में PMO का दखल भी बड़ी समस्या: राजन
आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने एक बार फिर मोदी सरकार की नीतियों पर निशाना साधा है. राजन ने भारत की आर्थिर रफ्तार पर ब्रेक के लिए नोटबंदी और जीएसटी को बड़ी वजह बताने के साथ-साथ मौजूदा विकास दर को नाकाफी बताया. राजन ने पीएमओ की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत में बहुत सारे निर्णयों में पीएमओ का दखल भी तमाम दिक्कतों में से एक है.
छत्तीसगढ़ में पहले दौर की 18 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रचार थमा, 12 को वोटिंग
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले दौर के मतदान के लिए प्रचार का दौर थम गया है. चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी. इन दलों के नेताओ ने धुआंधार चुनाव प्रचार किया. बता दें कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य की 18 नक्सल प्रभावित सीटों पर 12 नवंबर को वोट डाले जाएंगे.
बिहार में 'नीच' शब्द पर बवाल, उपेंद्र समर्थकों पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कथित तौर पर RLSP प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को 'नीच' कहने पर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को इसके विरोध में अखिल भारतीय कुशवाहा महासंघ ने पटना में राजभवन तक मार्च निकाला. हालांकि जब प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से डाक बंगला चौराहा पहुंचे और वहां ट्रैफिक जाम किया, तो पुलिस ने उन पर जमकर लाठियां बरसाईं. इसमें एक दर्जन लोग घायल हो गए.
अमानतुल्ला ने FIR को बताया साजिश, कहा- दबाव में काम कर रही पुलिस
सिग्नेचर बिज्र एक बार फिर चर्चा में है, और इस बार चर्चा AAP के विधायक अमानतुल्ला पर दर्ज कराई गई एफआईआर की है. सिग्नेचर ब्रिज उद्घाटन समारोह के दौरान दिल्ली प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी के साथ हुई बदसलूकी मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला के खिलाफ आईपीसी की 6 धाराओं के तहत मामला दर्ज कर किया गया है. एफआईआर में सीएम केजरीवाल का भी नाम है.
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने के लिए उमड़ी भीड़, लगा 10 KM लंबा ट्रैफिक जाम
गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर बनी दुनिया की सबसे ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को देखने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंच रहे हैं. दिवाली की छुट्टी होने की वजह से यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या कई गुना बढ़ गई है. बता दें कि 182 मीटर ऊंची सरदार वल्लभभाई पटेल की इस स्टैच्यू का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर को अनावरण किया था.
राम कृष्ण