बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खड़गे, भूपेन हजारिका के खिलाफ टिप्पणी पर केस दर्ज

खड़गे लिंगायत समुदाय के आध्यात्मिक नेता शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न न देने पर नाराज थे. इसके बजाय ‘एक गायक (भूपेन हजारिका) और आरएसएस की विचारधारा का प्रचार करने वाले एक शख्स (नानाजी देशमुख)’ को भारत रत्न देने पर शनिवार को उन्होंने सरकार की काफी आलोचना की थी.

Advertisement
खड़गे की फाइल फोटो (PTI) खड़गे की फाइल फोटो (PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 जनवरी 2019,
  • अपडेटेड 9:57 PM IST

असम पुलिस ने देश के मशहूर गायक और संगीतकार भूपेन हजारिका पर टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के सीनियर नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरटीआई कार्यकर्ता राजू महंत की शिकायत पर रविवार को मामला दर्ज किया गया. महंत ने आरोप लगाया है कि खड़गे ने असमी लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है.

Advertisement

न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, खड़गे लिंगायत समुदाय के आध्यात्मिक नेता शिवकुमार स्वामी को भारत रत्न न देने पर नाराज थे. इसके बजाय ‘एक गायक (भूपेन हजारिका) और आरएसएस की विचारधारा का प्रचार करने वाले एक शख्स (नानाजी देशमुख)’ को भारत रत्न देने पर शनिवार को उन्होंने सरकार की काफी आलोचना की थी. शिवकुमार स्वामी का हाल ही में निधन हो गया था. मामला दर्ज होने के बारे जानकारी देते हुए मोरीगांव जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वप्निल डेका ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘मोरीगांव थाने में मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.’

शिवकुमार स्वामी कई दिनों से फेफड़े के इनफेक्शन से जूझ रहे थे और जीवन रक्षक प्रणाली पर थे. बीमारियों की वजह से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था. 21 जनवरी को उनका निधन हो गया. उनका जन्म कर्नाटक के रामनगर जिले के वीरपुरा में एक अप्रैल, 1907 को हुआ था. स्वामी को वर्ष 2015 में पद्मभूषण से नवाजा गया था.

Advertisement

राजू महंत मध्य असम के सामाजिक-सांस्कृतिक संगठन ‘सहाई’ के अध्यक्ष हैं. केस दर्ज करने के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि खड़गे की टिप्पणी आपत्तिजनक है और इससे असम और उसके लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं इसलिए उन्होंने मामला दर्ज कराया है. महंत ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी की मांग की है.

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 70वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारतीय जनसंघ के विचारक और बीजेपी के संस्थापक सदस्यों में से एक नानाजी देशमुख, संगीतकार भूपेन हजारिका और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की. नानाजी देशमुख और भूपेन हजारिका का निधन हो चुका है जिन्हें यह सम्मान मरणोपरांत मिलेगा.

भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. इससे पहले 2015 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय (मरणोपरांत) को दिया गया था. अब तक 45 लोग इस सम्मान से नवाजे जा चुके हैं. नानाजी देशमुख, भूपेन हजारिका और प्रणब मुखर्जी के साथ भारत रत्न पाने वालों की सूची में 48 लोग शामिल हो गए हैं.

इस पुरस्कार की घोषणा पर खड़गे ने जहां आलोचना की तो उन्हीं के पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबको बधाई दी और इस फैसले पर खुशी जताई. राहुल ने ट्वीट कर कहा, "मुझे खुशी है कि भूपेन हजारिका जी और नानाजी देशमुख जी को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया है." एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा, "भारत रत्न से सम्मानित होने पर प्रणव दा को बधाई. कांग्रेस पार्टी को गर्व है कि हमारे अपनों में से एक व्यक्ति की सार्वजनिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके अपार योगदान को मान्यता और सम्मान मिला है."

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »