मिडिल-ईस्ट में चल रही अफरा-तफरी का असर पूरी दुनिया पर पड़ता नजर आ रहा है. इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग की वजह से कई देशों की एयरलाइन्स प्रभावित हुई हैं. एयर इंडिया ने कई देशों के लिए फ्लाइट्स पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है.
एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजरायल और कतर से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को सस्पेंड कर दिया है. 2 मार्च 2026 को भारतीय समयानुसार रात 11:59 बजे तक ये निलंबन बना रहेगा.
एयरलाइन ने रविवार को भी 50 इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल की थी. वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया था कि भारतीय एयरलाइंस ने रविवार को 350 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की थीं.
नॉर्थ अमेरिका और यूरोप जाने वाली 6 उड़ानें रद्द
एयर इंडिया ने 2 मार्च 2026 को नॉर्थ अमेरिका और यूरोप जाने वाली 6 उड़ानों को भी रद्द कर दिया है. एयर इंडिया की नॉर्थ अमेरिका और यूरोप जाने वाली फ्लाइट्स वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करेंगी.
ईंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फंसे लोग
इसके अलावा ईंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जाने वाली 100 से ज्यादा इंटरनेशनल फ्लाइट्स भी रद्द हो गईं. इसकी वजह से कई यात्री दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे रह गए. दिल्ली और ज्यूरिख के बीच AI151 और A152 उड़ानें, दिल्ली और कोपेनहेगन के बीच AI157 और AI158 उड़ानें भी सोमवार को रद्द रहेंगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली से यूरोप जाने वाली कई फ्लाइट्स रद्द
हमलों की वजह से ईरान और इराक के एयरस्पेस को फिलहाल बंद कर दिया गया है. ऐसे में एयरलाइन मिस्र रूट से होते हुए यूरोप पहुंचेगी, जिसमें यात्रियों को 30-40 मिनट ज्यादा सफर करना होगा.
अकासा एयर की भी कई उड़ानें निलंबित
अकासा एयर की अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद आने-जाने वाली उड़ानें 2 मार्च, 2026 तक निलंबित कर दी गई हैं. जिन यात्रियों की बुकिंग 7 मार्च, 2026 तक प्रभावित हुई है, वो किराए के पूरे पैसे ले सकते हैं या बिना किसी एक्स्ट्रा पेमेंट के अपनी जर्नी दोबारा शेड्यूल कर सकते हैं.
यात्रियों की मदद में जुटा PACR
मिडिल-ईस्ट संकट के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय का यात्री सहायता नियंत्रण कक्ष (PACR) हवाई यात्रियों की शिकायतों और सवालों का समाधान करने में जुटा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, एयरसेवा पोर्टल और हेल्पलाइन के जरिए यात्रियों की चिंताओं पर बारीकी से नजर रखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: US-ईरान युद्ध के चलते खाड़ी के देशों की उड़ानें रद्द, IGI एयरपोर्ट पर फंसे यात्री
एयरलाइंस और एयरपोर्ट मैनेजमेंट के साथ तालमेल से कंट्रोल रूम ने मौजूदा स्थिति के दौरान 411 यात्रियों की शिकायतें हल की हैं. PACR के जरिए भारतीय दूतावासों ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.
अमित भारद्वाज