बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दरअसल, शहर के बैयप्पनहल्ली रेलवे पुलिस इलाके में एक युवक की बिना सिर की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. इसमें सबसे हैरान कर देने वाली कड़ी ये है कि युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा था. वहीं उसका कटा हुआ सिर ट्रैक से तकरीबन एक किलोमीटर दूर वरथुर के कोडथी इलाके में मिला.
बुधवार को जब रेलवे कर्मचारियों ने ट्रैक पर एक बिना सिर का शव देखा, तो उनके होश उड़ गए. उन्होंने तुरंत रेलवे पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की. खोजबीन के दौरान ट्रैक से करीब एक किलोमीटर दूर युवक का सिर भी बरामद हो गया.
पुलिस ने सुसाइड की जताई आशंका
पुलिस का अनुमान लगाया है कि ट्रेन की जोरदार टक्कर की वजह से सिर धड़ से अलग होकर इतनी दूर जा गिरा होगा. शुरुआती जांच के बाद पुलिस को यह शक भी है कि यह आत्महत्या का मामला हो सकता है.
पुलिस का कहना है कि शायद युवक ट्रेन के आगे कूद गया होगा, जिससे यह भयानक हादसा हुआ है. हालांकि, मौत की असल वजह क्या यह पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत की असल वजह पता चल सकेगी.
पुलिस का कहना है कि हम हर एंगल से इस मामले की गहराई से जांच कर रहे है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह वाकई सुसाइड का मामला है या इसके पीछे कोई और साजिश है.
यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे सुसाइड केस: अपने कमरे में मृत मिला सेकेंड इयर स्टूडेंट, मोबाइल चैट से खुले कई राज
मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है. पुलिस का कहना है कि हुलिए को देखकर लग रहा है कि युवक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच रही होगी. पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर रही है ताकि हाल ही में लापता हुए लोगों की लिस्ट देखकर युवक की शिनाख्त की जा सके. इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
aajtak.in