CM कुमारस्वामी का ऐलान, अब प्रेस को कभी नहीं देंगे बयान

कुमारस्वामी मीडिया पर आरोप लगाते रहे हैं कि अक्सर उनकी बातों को गलत ढंग से पेश किया जाता है जिससे अर्थ का अनर्थ हो जाता है और जनता में उनकी छवि खराब होती है.

Advertisement
फाइल फोटो (पीटीआई) फाइल फोटो (पीटीआई)

रविकांत सिंह

  • बेंगलुरु,
  • 22 नवंबर 2018,
  • अपडेटेड 12:17 AM IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को ऐलान किया कि अब वे प्रेस को कभी संबोधित नहीं करेंगे और न ही कोई बयान देंगे. उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि एक महिला किसान के बारे में कही गई उनकी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया. इस पर झल्लाए कुमारस्वामी ने कहा कि आज के बाद ‘किसी भी मौके पर’वे प्रेस में बयान नहीं देंगे.

Advertisement

कुमारस्वामी अक्सर मीडिया पर बरसते रहे हैं. उनका आरोप रहा है कि मीडिया उनकी बातों का गलत संदर्भ में पेश करता है. इस बाबत उन्होंने फैसला किया कि प्रेस मंच पर कुछ भी बोलने में अब वे कोताही बरतेंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘जब तक कांग्रेस विधायकों का उन्हें समर्थन प्राप्त है और ईश्वर ने उनकी किस्मत में लिखा है, तब तक वे मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे.’

कुमारस्वामी ने कहा, ‘मैंने फैसला कर लिया है कि मीडिया के मंच पर अब कम बोलूंगा. प्रेस को कभी नहीं संबोधित करूंगा. अगर आप सवालों के जवाब चाहते हैं तो मुझे लिखित में भेजें.’ बेंगलुरु में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी बातों का अक्सर गलत अर्थ निकाल लिया जाता है. इसलिए वे समझ नहीं पा रहे कि क्या बोलना है.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगे वही बातें बोलेंगे जो एडवाइजरी कमेटी बोलेगी. कुमारस्वामी ने मुख्यमंत्री के लिए मीडिया के कुछ मित्रों को साथ लाकर एडवाइजरी कमेटी बनाने की बात कही, जो कमेटी मुख्यमंत्री को मीडिया में क्या बोलना है, इसका निर्देश देगी.

कुमारस्वामी जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तब से उन्होंने मीडिया पर हमला जारी रखा है. उनका आरोप है कि मीडिया उनकी बातों को तोड़-मरोड़ कर पेश करता है जिससे लोगों में उनकी छवि खराब होती है. अभी हाल में गन्ना किसानों के प्रदर्शन के दौरान भी उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि स्थानीय पत्रकारों ने उनकी बात गलत पेश की जिससे आंदोलन और भड़क गया.

कुमारस्वामी इस बात को लेकर भी चर्चा में रहे हैं कि विधान सौध में कौन लोग आएंगे, इसपर उन्होंने प्रतिबंध लगाया. यहां तक कि मीडियाकर्मियों के प्रवेश पर भी उनके प्रतिबंध की बात उठी जिसके लिए उन्होंने मीडिया पर दोष मढ़ा.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »