राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को दो बड़े विमान हादसे टल गए. जहां एक ओर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट में जेट एयरवेज के एयरक्राफ्ट के पंखे एक ट्रक से टकरा गए, वहीं लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरे एयरक्राफ्ट को वापस आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी.
फिलहाल इन दोनों हादसों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. फिलहाल दिल्ली के IGI एयरपोर्ट में एयरक्राफ्ट के हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है. जेट एयरवेज की तरफ से भी इस बाबत किसी तरह का कोई बयान नहीं जारी किया गया है.
वहीं, एयरक्राफ्ट 84722 ने लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरी, लेकिन इसको वापस लखनऊ लाया गया और फिर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई. एयरक्राफ्ट के लैंडिंग गियर में दिक्कत आने पर पायलट ने की लखनऊ में वापस आपाल लैंडिंग कराने की अपील की, जिसके बाद एयरक्राफ्ट को वापस लखनऊ के एयरपोर्ट ले जाया गया और उसकी आपात लैंडिंग की गई.
इस में चालक दल के सदस्य समेत कुल 71 लोग सवार थे. यह पहला मौका नहीं है, जब विमान हादसा होते-होते टला है. इससे पहले पिछले महीने भी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर बड़ा विमान हादसा टल गया था. विमान में सवार 298 यात्रियों की जान बाल-बाल बची थी. सऊदी एयरलाइंस के विमान में तकनीकी कारणों से एयर प्रेशर कम हो गया. हालांकि, विमान की सेफ लैंडिंग करा ली गई.
राम कृष्ण