'6-7 महीने इंतजार करें, हमारी सरकार बनते ही मिलेगा DA और एरियर...', पंजाब BJP अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों का ऐलान

पंजाब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा है कि अगर भाजपा सरकार बनती है तो लगभग 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का लंबित महंगाई भत्ता और पेंशन एरियर प्राथमिकता से भुगतान किया जाएगा.

Advertisement
पंजाब बीजेपी चीफ केवल सिंह ढिल्लों ने सरकारी कर्मियों को लंबित DA भुगतान का वादा किया है पंजाब बीजेपी चीफ केवल सिंह ढिल्लों ने सरकारी कर्मियों को लंबित DA भुगतान का वादा किया है

पीयूष मिश्रा

  • चंडीगढ़,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 8:14 AM IST

पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से बड़ा वादा करते हुए कहा है कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनती है तो लंबित महंगाई भत्ता (DA) और पेंशन एरियर का पूरा भुगतान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा.

उन्होंने कर्मचारियों से सिर्फ 6 से 7 महीने इंतजार करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद वेतन और डीए का भुगतान केंद्र सरकार की दरों के अनुरूप समय पर सुनिश्चित किया जाएगा.

Advertisement

केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए उसे "मुलाजिम विरोधी सरकार" करार दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के हालिया फैसले ने राज्य सरकार के वित्तीय प्रबंधन और शासन व्यवस्था की पोल खोल दी है. उनके मुताबिक, सरकार कर्मचारियों के वैध बकाये का भुगतान करने में विफल रही है, जबकि प्रचार और लोकलुभावन योजनाओं पर खर्च जारी रखा गया.

दरअसल, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को डीए और पेंशन एरियर का भुगतान 15 दिनों के भीतर करने का निर्देश दिया है. साथ ही अदालत ने यह भी कहा कि जब तक कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का बकाया नहीं चुकाया जाता, तब तक सरकार बड़े पैमाने पर विज्ञापन अभियान नहीं चला सकेगी. अदालत ने वित्तीय संकट का हवाला देकर राहत मांगने वाली राज्य सरकार की दलील को भी खारिज कर दिया और कहा कि कर्मचारियों के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती.

Advertisement

ढिल्लों ने कहा कि यह फैसला राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए न्याय की दिशा में एक बड़ा कदम है. उन्होंने सवाल उठाया कि जो सरकार आज कर्मचारियों का बकाया चुकाने की स्थिति में नहीं है, वह भविष्य में उनकी आर्थिक सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करेगी. उनका आरोप था कि भगवंत मान सरकार ने पिछले कुछ महीनों में विभिन्न योजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये का कर्ज लिया, लेकिन कर्मचारियों के बकाये और वेतन भुगतान को प्राथमिकता नहीं दी.

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों और मनरेगा कर्मियों को पिछले सात महीनों से नियमित वेतन तक नहीं मिला है. भाजपा नेता ने कहा कि कर्मचारियों की अनदेखी करने वाली सरकार पर अब भरोसा करना मुश्किल हो गया है.

पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वहां भी भाजपा ने सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों का मजबूती से समर्थन किया था. उन्होंने कहा कि पंजाब में भी भाजपा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. उन्होंने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर सभी लंबित डीए, एरियर और वेतन संबंधी दायित्व समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »