पंजाब के मलेरकोटला जिले के हथोआ रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गंदे नाले के पास पड़े कूड़े के ढेर में अचानक तेज धमाका हो गया. यह धमाका इतना जोरदार था कि वहां मौजूद एक भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई. जानकारी के अनुसार भैंस रोज की तरह इलाके में घूम रही थी और कूड़े के ढेर में से गुजर रही थी, तभी अचानक विस्फोट हो गया. धमाके के कारण भैंस की एक टांग कट गई और उसका पेट बुरी तरह फट गया. घटना के बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया.
धमाके की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. घायल भैंस के मालिक हामिद हमजा ने बताया कि उनकी भैंस सामान्य रूप से इलाके में घूम रही थी, लेकिन अचानक हुए विस्फोट ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. सूचना मिलने के बाद मलेरकोटला के एसएसपी गुरमीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पूरे इलाके को घेर लिया गया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी गई. पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है ताकि धमाके के कारणों की जांच की जा सके.
कूड़े के ढेर में अचानक जोरदार धमाका
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी जगह पर पिछले साल भी इसी तरह का धमाका हुआ था. इस वजह से इलाके में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीर जांच की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
एसएसपी गुरमीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला किसी पटाखे या विस्फोटक सामग्री से जुड़ा लग रहा है. हालांकि उन्होंने कहा कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण स्पष्ट हो सकेगा. फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की गहन जांच जारी है.
aajtak.in