AAP नेता जयपाल सिंह बाऊ को सरेआम मारी गोली, पार्किंग विवाद में चलीं दोनों तरफ से गोलियां, वीडियो वायरल

अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके में पार्किंग विवाद के बाद दो गुटों में गोलीबारी हो गई. घटना में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हो गए. जयपाल सिंह को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं.

Advertisement
दो गुटों की भिड़ंत में चली ताबड़तोड़ गोलियां. (Photo: Screengrab) दो गुटों की भिड़ंत में चली ताबड़तोड़ गोलियां. (Photo: Screengrab)

अमन भारद्वाज

  • अमृतसर,
  • 28 मई 2026,
  • अपडेटेड 6:14 PM IST

पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी से जुड़े नेता जयपाल सिंह बाऊ को सरेआम गोली मारने की घटना सामने आई है. इस गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घायल हालत में जयपाल सिंह बाऊ को अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. जानकारी के मुताबिक घटना अमृतसर के कोट आत्मा राम इलाके की है. बताया जा रहा है कि गाड़ी पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि गोलियां चलने लगीं.

Advertisement

इस घटना में आम आदमी पार्टी से जुड़े जयपाल सिंह बाऊ और नरेंद्र सिंह घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि जयपाल सिंह बाऊ आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ वॉलंटियर हैं और अमृतसर के वार्ड नंबर 42 के प्रभारी भी हैं. वह निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 42 से चुनाव भी लड़ चुके हैं.

दो गुटों की भिड़ंत में चली ताबड़तोड़ गोलियां

घटना के बाद आम आदमी पार्टी के दक्षिणी हलके से विधायक डॉ. इंदरवीर सिंह निज्जर भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायल जयपाल सिंह का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उनकी स्थिति की जानकारी ली. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि फिलहाल पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Advertisement

डॉ. निज्जर ने कहा कि अभी यह साफ नहीं है कि घटना के पीछे असली वजह क्या थी. उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी. वहीं वार्ड नंबर 47 से काउंसलर वरपाल सिंह बब्बर ने बताया कि जयपाल सिंह उनके करीबी साथी हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. बाद में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई.

उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान जयपाल सिंह को एक गोली लगी. इसके अलावा कई और राउंड फायरिंग भी हुई. उन्होंने यह भी दावा किया कि जयपाल सिंह के बेटे पर भी हमला करने की कोशिश की गई. मामले को लेकर थाना बी डिवीजन के पुलिस अधिकारी बलजिंदर सिंह औलख ने बताया कि करण नाम के युवक और तजिंदर सिंह के बीच पार्किंग को लेकर बहस हुई थी. इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प शुरू हो गई और दोनों तरफ से गोलियां चलीं.

पुलिस ने शुरू की जांच, दोनों पक्षों से पूछताछ जारी
 

पुलिस अधिकारी के मुताबिक दूसरे पक्ष की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि गोली सेल्फ डिफेंस में चलाई गई थी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मौके से सबूत जुटाए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »