एक्टर धनुष ने रविवार को चेन्नई के एक निजी कॉलेज में अपने फैंस से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने सैकड़ों महिला प्रशंसकों के साथ फोटोज खिंचवाईं और रिटर्न गिफ्ट के तौर पर सभी को चांदी का खास कामाक्षी दीपक दिया.
यह कार्यक्रम ऐसे समय हुआ, जब धनुष के राजनीति में आने की अटकलें चल रही हैं. हालांकि, धनुष ने अभी तक किसी ऐसी योजना का ऐलान नहीं किया है, जिससे इस बात की पुष्टि हो सके. कार्यक्रम के बाद भी उन्होंने पत्रकारों के सवाल का जवाब नहीं दिया.
हाल ही में धनुष ने अपने फैन नेटवर्क 'धनुष नरपानी मंद्रम' को नए रूप में तैयार कर 'धनुष नरपानी इयक्कम' नाम का कल्याण आंदोलन बनाया है. इसके साथ एक नया आधिकारिक चिन्ह भी जारी किया गया. इस बदलाव के बाद से ही तमिलनाडु में उनके राजनीति में आने की चर्चा शुरू हो गई.
दीपक में कमल के आकार से अटकलें तेज
कोयंबटूर और रानीपेट समेत कई जिलों से बड़ी संख्या में महिला प्रशंसक भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में पहुंचीं. धनुष ने उनसे बातचीत की और तस्वीरें खिंचवाईं. उन्होंने हर प्रशंसक को चांदी का कामाक्षी दीपक भी दिया. इस खास दीपक को कमल का आकार दिया गया है, जो कि भाजपा का चुनाव चिन्ह भी है. इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर धनुष के राजनीतिक झुकाव को लेकर कई तरह के रिएक्शन दिए.
यह भी पढ़ें: 'RSS की रैली रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाए तमिलनाडु सरकार', CPM की अपील
पोरूर से आई एक प्रशंसक ने कहा कि वह सुबह 9 बजे से इंतजार कर रही थीं. उन्होंने कहा, “धनुष ने धैर्य के साथ सभी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. मेरे कहने पर उन्होंने तुरंत मुझे गले लगाया. उनका दिया उपहार हमेशा एक खास याद बना रहेगा”.
धनुष के गिफ्ट से खुश हुए फैंस
वहीं कोयंबटूर से आई राजेश्वरी ने कहा कि उन्हें ऐसे उपहार की उम्मीद नहीं थी. उन्होंने कहा, “मैं खुशी से रो पड़ी. उन्होंने हमें दीपक उपहार में दिया, जो बहुत हैरान करने वाला था”. तंजावुर की राजराजेश्वरी ने बताया कि धनुष ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनका हाल पूछा और अंदर आने को कहा. हालांकि इस दौरान कई फैंस ने नाराजगी भी जताई और कहा कि धनुष काफी कम समय के लिए अंदर थे.
कार्यक्रम और धनुष की राजनीति में एंट्री पर पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछे. जिसपर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि वह बहुत खुश हैं और अपनी कार की तरफ चल दिए.
aajtak.in