नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास, लोक कल्याण मार्ग पर बीजेपी की एक अहम बैठक चल रही है. बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नितिन नवीन भी मौजूद हैं. सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि नितिन नवीन की नई टीम के गठन को लेकर भी विचार-विमर्श हो सकता है. हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
बीजेपी संगठन में संभावित बदलावों और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के मद्देनजर इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है. सूत्रों का कहना है कि बैठक में संगठनात्मक रणनीति और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर भी चर्चा संभव है
एक दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे थे सीएम योगी
बता दें कि इससे एक दिन पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे थे. गृहमंत्री से उनकी ये मुलाकात राजधानी दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई थी, जहां दोनों नेताओं के बीच 40 मिनट तक बातचीत हुई. उत्तर प्रदेश में बीजेपी संगठन में बदलाव के बाद हुई इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है, वहीं इसे आगामी होने वाले उत्तर प्रदेश चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है.
सूत्रों के मुताबिक,गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी की बैठक में प्रदेश की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक विषयों और मौजूदा राजनीतिक हालात पर भी चर्चा हुई. हालांकि, बैठक के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बैठक की जानकारी दी थी.
उन्होंने पोस्ट में लिखा था कि 'नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की. अपना बहुमूल्य समय प्रदान करने हेतु आपका हार्दिक धन्यवाद.'
नितिन नवीन ने भी की थी मुलाकात
योगी आदित्यनाथ और अमित शाह की यह मुलाकात आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है. माना जा रहा है कि भाजपा संगठन और सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श हुआ.
सीएम योगी से मुलाकात के बाद ही बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. अब इसके ठीक एक दिन बाद बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के बीच इस अहम बैठक के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं, हालांकि अभी तक बैठक का एजेंडा स्पष्ट रूप से सामने नहीं आया है.
हिमांशु मिश्रा