यूट्यूबर ध्रुव राठी को रिहा कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, ध्रुव राठी को देर रात तीन बजे रिहा किया गया. दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, अगर जंतर-मंतर आने की कोशिश की गई तो पुलिस फिर से कार्रवाई करेगी.
गुरुग्राम के सेक्टर 56, केंद्रीय विहार इलाके से ध्रुव राठी को हिरासत में लिया गया था. दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि वे अपने माता-पिता के पास आए हैं. दिल्ली पुलिस ने ये जानकारी गुरुग्राम पुलिस के साथ साझा की, जिसके बाद संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की.
गुरुवार को ध्रुव राठी बेंगलुरु में एसआईआर के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में पहुंचे थे. बता दें, शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान हुई कार्रवाई के बाद रविवार को प्रदर्शन बढ़ने की आशंका है. कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है. CJP के अंजिक्य शिंदे ने शनिवार को ऐलान किया था कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं हो जाता तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा.
CJP संस्थापक अभिजीत दिपके और पार्टी लीडर्स सौरव दास और आशुतोष रांका को शनिवार को हिरासत में लिया गया था. रविवार को उन्हें दिल्ली की ACM कोर्ट में पेश किया गया है.
वहीं, शनिवार को दिल्ली में पाबंदियों, मेट्रो और ट्रेनों की आवाजाही रोकने के साथ ही लोगों को हिरासत में लेने के आरोपों को लेकर सुप्रीम कोर्ट में रविवार को सुनवाई होने वाली है. इन मुद्दों पर दाखिल अवमानना याचिका पर विशेष पीठ सुनवाई करेगी.
सीजेपी के प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार को सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास के प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है. शंकर रोड-वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पंचकुइयां, मंडी हाउस, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्कल कनॉट प्लेस टी-पॉइंट, जैसे स्थानों पर रविवार को ट्रैफिक डायवर्ट हो सकता है.
अरविंद ओझा