भीषण गर्मी और उमस के बीच कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 13 जून के लिए भी देश के बड़े हिस्से में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और मॉनसून की सक्रियता के कारण हो रहा है. कई इलाकों में तेज हवा, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है. वहीं केरल, तटीय कर्नाटक, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है,
पूर्वोत्तर भारत के साथ-साथ बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कोंकण एवं गोवा, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा राजस्थान में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.
हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और बारिश के साथ मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है. कई जगहों पर तेज हवाएं और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में बीते दिनों हुई बारिश और आंधी ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी थी, वहीं कई इलाकों में पेड़ गिरने और ट्रैफिक प्रभावित होने जैसी स्थितियां भी देखने को मिली थीं. आने वाले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है.
aajtak.in