कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद शशि थरूर शुक्रवार शाम को केरलम के तिरुवनंतपुरम में एक निजी होटल की लिफ्ट में करीब 15 मिनट तक फंसे रहे. वह वहां 'रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट' के एक स्थापना समारोह में शामिल होने पहुंचे थे.
इस घटना से होटल परिसर और उनके समर्थकों में हड़कंप मच गया. हालांकि, फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज (अग्निशमन विभाग) की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बेहद पेशेवर तरीके से उन्हें और उनके साथ फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
अग्निशमन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि सांसद होटल की लिफ्ट में फंस गए हैं. इसके तुरंत बाद एक रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया. इससे पहले, टीवी चैनलों पर आए दृश्यों में देखा गया कि होटल स्टाफ और वहां मौजूद लोग लोहे की रॉड की मदद से लिफ्ट के दरवाजे को खोलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वे नाकाम रहे.
दरअसल, लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण तय फ्लोर (मंजिल) पर पूरी तरह नहीं पहुंच पाई थी, जिसकी वजह से उसका ऑटोमैटिक डोर लॉक हो गया था. लिफ्ट मैकेनिक भी इसे खोलने में असफल रहे.
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ को लेकर घिरे शशि थरूर, कांग्रेस ने कहा- जो कहा ही नहीं वह भी सुन लिया
हाइड्रोलिक स्प्रेडर का हुआ इस्तेमाल
मौके पर पहुंची फायर फोर्स के अधिकारियों ने आधुनिक 'हाइड्रोलिक स्प्रेडर' टूल का इस्तेमाल किया और महज कुछ ही मिनटों में शाम 7:51 बजे लिफ्ट के भारी दरवाजों को अलग कर खोल दिया. जैसे ही दरवाजा खुला, शशि थरूर चेहरे पर एक बड़ी मुस्कान के साथ बाहर आए. उन्होंने राहत की सांस लेते हुए तुरंत रेस्क्यू टीम के जवानों का आभार व्यक्त किया.
थरूर ने कहा, "आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद. वेड डन! आप लोगों ने बहुत शानदार काम किया है." जब अधिकारियों ने उनका हालचाल पूछा, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि लिफ्ट में मौजूद सभी लोग बिल्कुल ठीक हैं.
थरूर ने अधिकारियों की फुर्ती की तारीफ करते हुए उन्हें चाय पीने का न्योता भी दिया, हालांकि अधिकारियों ने मुस्कुराते हुए और हाथ मिलाकर शालीनता से मना कर दिया और अपनी ड्यूटी पर लौट गए. बाद में थरूर ने त्वरित कार्रवाई के लिए अग्निशमन कर्मियों को सम्मानित भी किया.
यह भी पढ़ें: 'आपकी सैलरी 2 लाख, आपके ड्राइवर की 20K... ', जब परिसीमन पर CM नायडू को शशि थरूर ने समझाया मैथ्स!
aajtak.in