मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी कलां से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक घटना सामने आई है. बस के अंदर दो युवतियों के साथ कथित अश्लील हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में तो ले लिया, लेकिन अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिलने के कारण सिर्फ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है. इस बीच पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं. अब नवागत एसडीओपी ने पूरे मामले की गंभीर जांच और वैधानिक कार्रवाई का भरोसा दिया है.
मामला देवरी कलां बस स्टैंड का बताया जा रहा है, जहां खड़ी एक बस के भीतर दो युवतियां बैठी थीं. इसी दौरान एक युवक उनके साथ अश्लील हरकत करने लगा.
आरोप है कि युवक ने युवतियों के सामने अपने पेंट का जिप खोल दिया. इसके बाद गुस्साईं युवतियों ने युवक में तमाचे जड़ दिए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. देखें VIDEO:-
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक नीतीश गोंड को हिरासत में लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है. हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी युवती या अन्य फरियादी ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है. इसी कारण प्रारंभिक स्तर पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है.
किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं करेगी पुलिस
SDOP अरुण उइके ने बताया कि वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और कहां रिकॉर्ड किया गया, बस में मौजूद युवतियां कौन थीं और घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं. वीडियो में दिखाई देने वाले सभी तथ्यों का तकनीकी परीक्षण भी कराया जा रहा है.
एसडीओपी ने साफ किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं करेगी. यदि जांच में कोई संज्ञेय अपराध सामने आता है तो कानून के अनुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
इधर, इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. नागरिकों का कहना है कि जब सार्वजनिक स्थान पर हुई कथित घटना का वीडियो सामने आ चुका है, तो केवल शिकायत का इंतजार करना पर्याप्त नहीं है. उनका मानना है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और ऐसे मामलों में कानून के दायरे में रहते हुए त्वरित कार्रवाई जरूरी है.
वीडियो की जांच जारी
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, उसमें दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी के खिलाफ कौन-कौन सी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है. यह देखना होगा कि वीडियो की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और कानून के तहत आगे क्या कदम उठाए जाते हैं.
हिमांशु पुरोहित