भारतीय रेलवे एक तरफ जहां होली, दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के दौरान रेल यात्रियों की सुविधा के लिए स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करता है तो वहीं, दूसरी तरफ गर्मी की छुट्टियां और श्रावणी मेला के दौरान भी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करता है.
इसी कड़ी में दानापुर और साहिबगंज के बीच श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन करने का फैसला किया गया है. इसके साथ ही हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का बरबीघा स्टेशन पर ठहराव भी देने का फैसला किया है.
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चंद्र ने बताया कि श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दानापुर और साहिबगंज के बीच 05 ट्रिप श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा. यह स्पेशल दानापुर एवं साहिबगंज दोनों तरफ से 02.08.2026 से 30.08.2026 तक सप्ताह के प्रत्येक रविवार को गाड़ी सं. 13236/13235 दानापुर-साहिबगंज-दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के समय एवं ठहराव के अनुसार चलाई जाएगी.
वहीं, गाड़ी संख्या 03236 दानापुर-साहिबगंज श्रावणी मेला स्पेशल प्रत्येक रविवार को दानापुर से 05.15 बजे चलकर 10.45 बजे सुलतानगंज सहित अन्य स्टेशनों पर रुकते हुए 13.45 बजे साहिबगंज पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 03235 साहिबगंज-दानापुर श्रावणी मेला स्पेशल प्रत्येक रविवार को साहिबगंज से 15.20 बजे खुलकर विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए 00.30 बजे दानापुर पहुंचेगी. इस ट्रेन का ठहराव पीरपैंती, भागलपुर, सुलतानगंज, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब, पटना जंक्शन सहित सभी प्रमुख स्टेशनों पर दिया जाएगा.
हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल का बरबीघा स्टेशन पर होगा ठहराव
श्रावणी मेला के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर रेलवे द्वारा आसनसोल-जसीडीह-झाझा-किउल-शेखपुरा-अस्थावां-बिहार शरीफ-राजगीर के रास्ते हावड़ा और नटेसर के बीच चलाई जा रही गाड़ी संख्या 03001/03002 हावड़ा-नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल का बरबीघा स्टेशन पर तत्काल प्रभाव से दो मिनट का ठहराव दिया जा रहा है.
गाड़ी संख्या 03001 हावड़ा-नटेसर श्रावणी मेला स्पेशल 09.08 बजे बरबीघा पहुंचेगी तथा यहां से 09.10 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी. इसी तरह गाड़ी संख्या 03002 नटेसर-हावड़ा श्रावणी मेला स्पेशल 15.10 बजे बरबीघा पहुंचेगी तथा 02 मिनट बाद15.12 बजे आगे के लिए रवाना होगी.
उदय गुप्ता