कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच केंद्र सरकार और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, RSS प्रमुख मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार और अजीत डोभाल का नाम लेते हुए कहा कि ये लोग धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि चाहे जितनी पुलिस बुला ली जाए या जितने नेताओं और युवाओं को गिरफ्तार कर लिया जाए, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं.
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैं नरेंद्र मोदी, RSS और इनसे जुड़े लोगों के खिलाफ एक दशक से भी ज्यादा समय से लड़ रहा हूं. मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूं, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है. मैं इन्हें अंदर तक जानता हूं और इनकी हर चाल से वाकिफ हूं.' उन्होंने आगे लिखा, 'इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान है- कायरता.'
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार और अजीत डोभाल का जिक्र करते हुए कहा, 'इस कहानी के खलनायक अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं. इनके चारों तरफ से दायरा सिमट रहा है.' उन्होंने आगे कहा, 'जो करना है, कर लीजिए. जितनी पुलिस बुलानी है, बुला लीजिए- 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार, जितनी चाहें बुला लीजिए. सारे नेताओं को गिरफ्तार कर लीजिए. सारे युवाओं को गिरफ्तार कर लीजिए. हम सबको गिरफ्तार कर लीजिए.'
हम पीछे हटने वाले नहीं हैं
राहुल गांधी ने कहा, 'घबराइये मत- हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. मेरी बात याद रखिए- हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है.' उन्होंने संविधान की रक्षा और देश की जनता की आवाज की हिफाजत करने की बात भी कही. राहुल गांधी ने लिखा, 'हम अपने संविधान की रक्षा करेंगे. हम हिंदुस्तान की जनता की आवाज की हिफाजत करेंगे. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 सालों में हिंदुस्तान के साथ जो हुआ है, वह दोबारा कभी, किसी भी सूरत में न हो.' कांग्रेस नेता ने युवाओं से अपना विरोध जारी रखने की अपील करते हुए लिखा, 'हिंदुस्तान के युवाओं, मुझे आप पर गर्व है. अपना विरोध जारी रखिए. हम आपके साथ खड़े हैं.' उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में कहा, 'हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस सरकार और हमारे संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त मिले.'
3000 लोगों को हिरासत में लिया गया
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच शनिवार सुबह से करीब 3,000 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई है. इसी दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोदी एस्टेट के बाहर से हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई. वहीं, पूर्व सांसद साकेत गोखले ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के पांच अन्य नेताओं को भी दिल्ली में उनके आवास के बाहर से हिरासत में लिया गया. गोखले के मुताबिक, दिल्ली पुलिस और CRPF ने उन्हें एक कैदी वाहन में बैठाकर किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया.
aajtak.in