कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए ‘मेलोडी’ टॉफी मामले को लेकर हमला बोला है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बांट रहे हैं.”
उन्होंने कहा कि किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री 'हंसकर रील बना रहे हैं' और बीजेपी नेता ताली बजा रहे हैं. राहुल गांधी ने इसे 'नेतृत्व नहीं, नौटंकी' बताया है.
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को खास ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की. मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसके लिए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया. इसके बाद ‘मेलोडी’ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “नरेंद्र मोदी जी ने पिछले तीन महीनों में देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए जो कदम उठाने चाहिए थे, वो नहीं उठाए. इसके उलट, वे मेलोनी जी के साथ टॉफी खा रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं, जैसे सब मजाक चल रहा हो. फिर जब आर्थिक तूफान आएगा, गरीबों को चोट पहुंचेगी, किसानों को खाद नहीं मिलेगी, पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छूने लगेंगे और महंगाई बढ़ेगी, तब मोदी जी हाथ जोड़कर कहेंगे- भाइयों और बहनों, अगर मेरी गलती है तो मुझे फांसी पर चढ़ा दो.”
मेलोनी को PM मोदी का गिफ्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली के दौरे पर हैं. इस दौरान उन्होंने प्रधानमांत्री जॉर्जिया मेलोनी के लिए टॉफी की एक पैकेट गिफ्ट किया, जिसका नाम मेलोडी है. ऐसा लगा कि यह उन दोनों नेताओं के लिए ऑनलाइन काफी इस्तेमाल होने वाले वायरल हैशटैग "#Melodi" की ओर एक मजाकिया इशारा था.
ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक हल्के-फुल्के वीडियो में, दोनों प्रधानमंत्रियों को मुस्कुराते और हंसते हुए देखा गया. इस वीडियो में भारतीय प्रधानमंत्री, जिन्होंने नीले रंग का बंदगला सूट पहना हुआ था, मेलोनी (जिन्होंने सफ़ेद सूट पहना था) को मशहूर 'मेलोडी' टॉफ़ियों का एक बैग देते हुए नज़र आए. इस क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए इतालवी प्रधानमंत्री ने लिखा, "गिफ़्ट के लिए धन्यवाद."
aajtak.in