'हमारी दोस्ती दुनिया के लिए...', US की 250वीं वर्षगांठ पर PM मोदी का ट्रंप को संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी नागरिकों को बधाई दी. उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित बताते हुए इसे दुनिया के लिए सकारात्मक ताकत करार दिया.

Advertisement
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पीएम नरेंद्र मोदी. (Photo- PTI) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पीएम नरेंद्र मोदी. (Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:07 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी जनता को शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को वैश्विक भलाई के लिए एक मजबूत ताकत बताते हुए कहा कि दोनों देशों की साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कानून के शासन और जनता की क्षमता पर आधारित है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "1.4 अरब भारतीयों की ओर से मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका की जनता को स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर हार्दिक बधाई देता हूं." उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका सिर्फ रणनीतिक साझेदार ही नहीं हैं, बल्कि दोनों देश लोकतंत्र, कानून के शासन और मानव क्षमता में समान विश्वास रखते हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले PM मोदी को जान से मारने की धमकी, जांच में जुटी मेलबर्न पुलिस

उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले 250 वर्षों में अमेरिका शांति, समृद्धि और प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा. साथ ही भारत-अमेरिका की साझेदारी भी और मजबूत होगी. पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों की दोस्ती दुनिया में स्थिरता और विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

प्रधानमंत्री मोदी के बधाई संदेश पर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने धन्यवाद भी दिया. उन्होंने पीएम मोदी के एक एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, "धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी."

प्रधानमंत्री का यह संदेश ऐसे समय आया है जब पिछले महीने फ्रांस में आयोजित G7 शिखर सम्मेलन के दौरान उनकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात हुई थी. फरवरी 2025 के बाद दोनों नेताओं की यह पहली आमने-सामने की बैठक थी. फ्रांस के एवियन-ले-बैंस में हुई इस मुलाकात के बाद ट्रंप ने कहा था, "भारत और अमेरिका के संबंध बेहद मजबूत हैं. हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते. हमारे देशों और हमारे बीच शानदार रिश्ता है."

Advertisement

दोनों देशों के बीच पिछले कुछ समय में टैरिफ विवाद, भारत-पाकिस्तान मुद्दे पर ट्रंप के मध्यस्थता संबंधी दावे, भारतीयों को प्रभावित करने वाले अमेरिकी इमिग्रेशन नियम और ओमान के पास अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में भारतीय नाविकों की मौत जैसे मुद्दों पर मतभेद भी सामने आए थे. हालांकि G7 बैठक ने संकेत दिया कि दोनों देश रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए रिश्तों को नई मजबूती देना चाहते हैं.

उधर, अमेरिका में 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किए गए. फिलाडेल्फिया में परेड, संगीत कार्यक्रम और आतिशबाजी का आयोजन हुआ, जबकि न्यूयॉर्क में दुनिया भर के बड़े जहाजों की परेड निकाली गई.

यह भी पढ़ें: भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को बड़ी उड़ान, अहमदाबाद में PM मोदी ने लॉन्च की असेंबली यूनिट

वॉशिंगटन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रीय समारोह के मुख्य केंद्र रहे. उन्होंने नेशनल मॉल में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित किया, जहां सैन्य फ्लाईपास्ट, आतिशबाजी और कई विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए. हालांकि इन समारोहों को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस भी छिड़ी रही. विपक्षी डेमोक्रेट नेताओं ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को राजनीतिक रंग दिया गया है, जबकि ट्रंप समर्थकों ने इसे अमेरिकी इतिहास और विरासत का भव्य उत्सव बताया.

Advertisement

भारत और अमेरिका के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग और हालिया कूटनीतिक संवाद के बीच प्रधानमंत्री मोदी का यह संदेश दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »