प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर विशेष पूजा की. पीएम मोदी के वाराणसी दौरे का ये दूसरा दिन रहा, जहां वह वाराणसी में जगह-जगह बनाए गए स्वागत गेट से गुजरते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे. यहां से पूजन के बाद पीएम मोदी ने बच्चों से मुलाकात की और फिर वह गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लिए हरदोई जा रहे हैं.
पीएम मोदी जब मंदिर परिसर में दाखिल हुए तब पूरे मंदिर में वेदमंत्र गूंज रहे थे. इस दौरान कई पुजारी पंक्ति में खड़े होकर डमरू वादन कर रहे थे. पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर मंदिर के मुख्य द्वार से परिसर में प्रवेश किया और उन्होंने स्वागत ़करने वाले पुजारियों का विशेष आभार भी जताया.
इसके बाद पीएम मोदी मुख्य मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग के सामने बैठ गए. इस दौरान मंदिर के विशेष पुजारियों ने विधान के तहत पीएम मोदी के हाथ धुलवाए और पवित्रता मंत्र पढ़कर उन्हें अनुष्ठान के लिए संकल्प कराया. इसके बाद षोडशोपचार पूजा पद्धति से भगवान विश्वनाथ की पूजा शुरू हो गई.
इस दौरान पीएम मोदी के मस्तक पर पुजारीजी ने चंदन लेपन किया. पीएम मोदी ने मंत्रों के साथ एक-एक विधि का पालन करते हुए पूजन किया. पीएम मोदी ने बाबा विश्वनाथ की षोडशोपचार पद्धति से पूजा की. उन्होंने इस पद्धति के तहत पहले देवता का आह्वान किया. फिर उन्हें पाद्य और अर्घ्य दिया. इस तरह अलग-अलग क्रम से उन्होंने सभी रीतियों का पालन करते हुए भगवान बाबा विश्वनाथ का अभिषेक गंगाजल , हल्दी जल, अक्षत, दूध से किया. इसके बाद उन्होंने बाबा विश्वनाथ को मंदार माला भी चढ़ाई. पूजा के बाद पीएम मोदी ने पंचदीप से आरती की. इसके बाद उन्होंने प्रदक्षिणा की.
पूजा के बाद पीएम मोदी मंदिर परिसर में बाहर आए जहां उन्हें त्रिशूल और बाबा विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृति देकर सम्मानित किया गया.उन्हें डमरू भी दिया गया और पटका पहनाकर उनका विशेष स्वागत किया गया. इसके बाद पीएम मोदी ने बच्चों से मुलाकात की और त्रिशूल और डमरू उठाकर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया.
इससे पहले पीएम मोदी बरेका BLW से बाबा विश्वनाथ मंदिर तक लगभग 14 किलोमीटर के रास्ते में अपनी गाड़ी से धीमी गति से चलते हुए आम लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मंदिर पहुंचे उनके स्वागत के लिए बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग तक पांच प्रमुख प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां भाजपा कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ उनका स्वागत किया.
इन प्वाइंट्स पर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और काशी की जनता बड़ी संख्या में मौजूद रहे. स्वागत के ये मुख्य स्थान मंडुआडीह, पुलिस लाइन, लहुराबीर, मैदागिन, चौक और काशी विश्वनाथ मंदिर गेट हैं. मंदिर में दर्शन के बाद प्रधानमंत्री मोदी हरदोई के मल्लावां के लिए रवाना होंगे, जहां वह मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे.
बंगाली महिलाओं ने शंखनाद से किया था स्वागत
इसके पहले जब पीएम मोदी मंगलवार को वाराणसी पहुंचे तब वहां उनका जोरदार स्वागत हुआ था. बंगाली महिलाओं ने शंखनाद से उनका स्वागत किया था. पीएम मोदी के आगमन पर काशी के घाटों पर अद्भुत नजारा देखने को मिला. पश्चिम बंगाल में जारी चुनावी सरगर्मियों के बीच, काशी की बंगाली भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गंगा घाट पर एकत्र होकर शंखनाद किया.
कार्यकर्ता रीना पात्रो ने बताया कि प्रधानमंत्री के स्वागत और बंगाल में जीत के विश्वास को प्रकट करने के लिए यह आयोजन किया गया. करीब 24-25 महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज में शंख बजाकर पीएम का वेलकम किया, जो शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है.
aajtak.in