प्रमोद सावंत ही होंगे गोवा के अगले मुख्यमंत्री, राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा

बीजेपी सूत्रों की मानें तो प्रमोद सावंत ही गोवा के नए मुख्यमंत्री होंगे. प्रमोद सावंत 14 मार्च को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं.

Advertisement
गोवा के मुख्यमंत्री पद से प्रमोद सावंत ने दिया इस्तीफा गोवा के मुख्यमंत्री पद से प्रमोद सावंत ने दिया इस्तीफा

पंकज उपाध्याय

  • पणजी,
  • 12 मार्च 2022,
  • अपडेटेड 12:45 PM IST
  • बीजेपी सूत्रों ने बताया- फडणवीस ने लगा दी सावंत के नाम पर मुहर
  • 14 मार्च को राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा करेंगे सावंत

विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. प्रमोद सावंत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल पीएस पिल्लई से मुलाकात की ओर अपना इस्तीफा सौंप दिया. इसके साथ ही नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सूत्रों की मानें तो प्रमोद सावंत ही गोवा के नए मुख्यमंत्री होंगे.

Advertisement

बीजेपी के सूत्रों का दावा है कि देवेंद्र फडणवीस ने प्रमोद सावंत के नाम पर मुहर लगा दी है. ये गोवा की बीजेपी यूनिट को भी बता दिया गया है. सूत्रों का ये भी कहना है कि आज रात तक केंद्रीय ऑब्जर्वर पीयूष गोयल गोवा पहुंच सकते हैं. हालांकि, सूत्रों ने ये भी कहा कि केंद्रीय ऑब्जर्वर का नाम अभी तय नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को ही केंद्रीय ऑब्जर्वर बनाकर गोवा भेजा जा सकता है. प्रमोद सावंत को विधायक दल की बैठक में नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी.

सूत्रों की मानें तो विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद प्रमोद सावंत 14 मार्च को राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं. गौरतलब है कि गोवा विधानसभा चुनाव में बीजेपी 40 में से 20 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. बीजेपी बहुमत के लिए जरूरी 21 सीटों के जादुई आंकड़े से एक सीट पीछे रह गई थी.

Advertisement

बीजेपी को एक निर्दलीय और एमजीपी के तीन विधायकों का समर्थन भी मिल गया है. एक निर्दलीय और एमजीपी के तीन विधायकों के समर्थन से बीजेपी सरकार बनाने जा रही है. बता दें कि मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद प्रमोद सावंत गोवा के मुख्यमंत्री बने थे. चुनाव परिणाम आने के बाद से ही नए मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं. माना ये भी जा रहा था कि कई नेता प्रमोद सावंत को सीएम बनाए जाने के खिलाफ हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »