मणिपुर के थौबल जिले में लाइशराम राकेश की हत्या के विरोध में शुक्रवार सुबह 5 बजे से 48 घंटे का बंद शुरू हो गया. संयुक्त कार्रवाई समिति (JAC) ने हत्या में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यह बंद बुलाया है.
बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों ने खांगाबोक और संगाईयुम्फम के बीच इम्फाल-मोरेह रोड पर नेशनल हाईवे-102 जाम कर दिया. कुछ जगहों पर टायर जलाकर विरोध जताया गया और गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई. हालांकि, मेडिकल सेवाओं, मीडिया और धार्मिक कामों से जुड़े लोगों को आने-जाने की छूट दी गई है. पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बंद शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली.
यह भी पढ़ें: मणिपुर में फिर भड़की हिंसा की चिंगारी, अब कुकी गांव के कई घर आग के हवाले
हत्या के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में तीसरे आरोपी अरिबाम शेरखान को गिरफ्तार किया. वह संगाईयुम्फम पार्ट-I के मैरेंखुन इलाके का रहने वाला है. पुलिस ने उसे पूछताछ और आगे की जांच के लिए 10 दिन की हिरासत में भेज दिया है.
इससे पहले मंगलवार को पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था. उनकी पहचान 19 साल के मोहम्मद खुर्शीद अहमद और 45 साल के मोहम्मद अब्दुल रहमान उर्फ अपिक के रूप में हुई है. दोनों थौबल जिले के रहने वाले हैं.
बंदूक और 14 कारतूस मिले
शुक्रवार को पुलिस ने खांगाबोक-संगाईयुम्फम इलाके में तलाशी ली. इस दौरान एक डबल बैरल बंदूक और 12 बोर के 14 कारतूस बरामद हुए. पुलिस इन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजेगी. लाइशराम राकेश की मौत 18 अक्टूबर की रात पाली बाजार के पास गोली लगने से हुई थी. यह इलाका थौबल पुलिस थाने के तहत आता है.
यह भी पढ़ें: मणिपुर में 3 मैतेई लोगों की हत्या, CM आवास के बाहर शव रखकर प्रदर्शन
जांच से नाराज है समिति
JAC ने गुरुवार को मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह को ज्ञापन देकर हत्या के सभी जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की थी. समिति के सदस्य खोंगबाम सांता ने कहा कि घटना के बाद से रोज धरना दिया जा रहा है, लेकिन जांच की रफ्तार से समिति संतुष्ट नहीं है. समिति ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों को पकड़ने में संगाईयुम्फम इलाके की ओर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा है. JAC का कहना है कि हत्या में शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई होने तक सरकार पर दबाव बनाने के लिए बंद जरूरी है.
aajtak.in