कोच्चि के एर्नाकुलम मार्केट में धार्मिक स्थल पर हुई आगजनी पर अब एक नया एंगल सामने आया है. पुलिस अब इस हादसे में संभावित आतंकी कनेक्शन की जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस आरोपी से जब्त किए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज की जांच में जुटी है. दरअसल, 12 अक्टूबर की सुबह एर्नाकुलम मार्केट में कडवुभागम यहूदी उपासना स्थल के सामने स्थित ब्लॉसम नर्सरी में आगजनी का मामला सामने आया था.
इसके बाद पुलिस ने 32 साल के आरोपी बिन पॉल को गिरफ्तार किया था. जांच के दौरान पॉल के घर से हेरोइन, फेंटानिल, ऑक्सीकोडोन, अल्प्राजोलम और केटामाइन समेत कई पदार्थ बरामद किए गए.
फिलहाल पुलिस इस जांच में जुटी है कि आरोपी को कहीं से तय ठिकानों को निशाना बनाने के निर्देश मिलते थे या नहीं. पुलिस का यह शक तब गहराया जब पॉल के फोन से यहूदियों के धार्मिक स्थलों पर हमले के जिक्र मिले. इसके बाद से पुलिस इन संदेशों से जुड़े लोगों की पहचान और आरोपी के साथ उनके संबंध पर जांच कर रही है.
मामले में आरोपी को 5 दिन की हिरासत में भेजा गया था. अब जांच टीम उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस कमिश्नर अरुण के पवित्रन ने पत्रकारों को बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल बनाया गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज की जांच हो रही है और उससे मिले नतीजों के आधार पर आगे की की कड़ियां खुलेंगी. पवित्रन के मुताबिक, जांच अभी शुरुआती दौर में है और आरोपी भी जांच में सहयोग कर रहा है.
यह भी पढ़ें: पंजाब: नशा बेचने वालों को रोकने गए 3 लोगों पर धारदार हथियारों से हमला, एक की मौत, 2 घायल
टेलीग्राम से बातचीत खंगालने की कोशिश
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम टेलीग्राम ऐप के जरिए पॉल और उसे निर्देश देने वाले संदिग्ध व्यक्ति के बीच हुई बातचीत की डीटेल्स निकालने की कोशिश की जा रही है. चैट्स का ब्योरा मांगने के लिए पुलिस टेलीग्राम को पत्र लिखेगी. सूत्रों के मुताबिक, पॉल पिछले कई महीनों से एक ऐसे व्यक्ति के संपर्क में था, जो उसे निर्देश दे रहा था. जांच अधिकारी इस व्यक्ति की पहचान और आरोपी से उसके संबंध का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं.
गुरुवार को मजिस्ट्रेट अदालत में पुलिस हिरासत की अर्जी पर सुनवाई के दौरान पॉल के वकील ने दावा किया कि वह मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्यों के लिए दवा ले रहा था. अब अदालत की इजाजत के बाद उसकी मेडिकल जांच तकी जाएगी. वहीं नशीले पदार्थों की बरामदगी के बाद पुथेनक्रूज पुलिस ने अलग केस दर्ज किया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में विस्तृत जांच के लिए पुलिस पॉल की हिरासत मांगते हुए अदालत का रुख करेगी.
फिलहाल आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और टेलीग्राम पर हुई बातचीत की जांच जारी है. पुलिस आगजनी के संभावित आतंकी कनेक्शन, आरोपी को निर्देश देने वाले व्यक्ति और उसके घर से मिले नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों की पड़ताल कर रही है.
aajtak.in