केरल में UDF सरकार का शपथ ग्रहण आज, वीडी सतीशन ने राज्यपाल को सौंपी 20 नामों की लिस्ट

केरल में सोमवार सुबह 10 बजे यूडीएफ सरकार का शपथ ग्रहण होने जा रहा है. मुख्यमंत्री वीडी सतीशन के साथ कुल 21 मंत्री पद की शपथ लेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बैठाने की मजबूरी के कारण कई हकदार नेताओं को कैबिनेट में जगह नहीं मिल सकी है.

Advertisement
60 साल बाद केरल में इतिहास रचेगी यूडीएफ कैबिनेट (Photo: X/ KeralaGovernor) 60 साल बाद केरल में इतिहास रचेगी यूडीएफ कैबिनेट (Photo: X/ KeralaGovernor)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:08 AM IST

केरलम में नई सरकार के गठन की तस्वीर अब लगभग साफ हो चुकी है. रविवार को UDF नेता वीडी सतीशन ने ऐलान किया है कि सोमवार सुबह 10 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा. खास बात ये है कि करीब 60 साल बाद ऐसा होने जा रहा है, जब पूरा UDF मंत्रिमंडल एक साथ शपथ लेगा. वीडी सतीशन समेत कुल 21 मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.

Advertisement

वीडी सतीशन ने बताया कि राज्यपाल को 20 मंत्रियों की सूची पहले ही सौंप दी गई है. इसमें उनका नाम जोड़ दिया जाए तो कुल 21 लोग नई सरकार का हिस्सा बनेंगे. उन्होंने कहा कि इस पूरी सूची को पार्टी हाईकमान की मंजूरी के बाद राज्यपाल को भेजा गया है. हालांकि नई कैबिनेट को लेकर हर किसी को खुश करना आसान नहीं था. 

इस पर वीडी सतीशन ने साफ कहा कि कई ऐसे नेता भी थे जो मंत्री बनने के हकदार थे, लेकिन क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए उन्हें जगह नहीं मिल पाई. यानी सरकार बनाते वक्त सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि इलाके और समाज के अलग-अलग वर्गों का भी हिसाब रखा गया.

गवर्नर राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मंत्रियों की लिस्ट सौंपते वीडी सतीशन...

कैबिनेट में किसे मिली जगह, कौन-कौन बने मंत्री?

UDF सरकार में सबसे ज्यादा मंत्री कांग्रेस के खाते में गए हैं. कांग्रेस से वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला, के मुरलीधरन, सनी जोसेफ, बिंदु कृष्णा, एपी अनिल कुमार, पीसी विष्णुनाध, एम लिजू, रोजी एम जॉन, टी सिद्दीक, ओजे जनीश और केए तुलसी को जगह मिली है.

वहीं, IUML यानी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी और वीई अब्दुल गफूर मंत्री बनेंगे. इसके अलावा केरल कांग्रेस से मॉन्स जोसेफ, RSP से शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) से अनूप जैकब और CMP से सीपी जॉन को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है.

शपथ ग्रहण में कौन-कौन होंगे शामिल?

इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी शामिल होंगे. वायनाड सांसद और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के भी आने की संभावना है. हालांकि सोनिया गांधी के शामिल होने पर अभी स्थिति साफ नहीं है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस शासित राज्यों कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री भी समारोह में मौजूद रहेंगे. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय को भी आमंत्रण भेजा गया है, लेकिन उनकी ओर से अभी पुष्टि नहीं हुई है.

नई सरकार का शपथ ग्रहण सोमवार सुबह 10 बजे तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में होगा. कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में 140 में से 102 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की है. अब सबकी नजर सोमवार सुबह 10 बजे होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »