किराया भरने के लिए मांगी थी मदद... नए घर में शिफ्ट होने से पहले नदी में मिले परिवार के चारों शव

केरल में रहने वाले एक परिवार को संडे के दिन नए घर में शिफ्ट होना था. किराया भरने में दिक्कत आई तो पुलिस से मदद भी मांगी थी. लेकिन नए घर में जाने से पहले ही पूरा परिवार खत्म हो गया. केरल के एर्नाकुलम में परिवार के चार सदस्यों के शव नदी से मिले हैं. आज 7 साल की बच्ची का शव मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन पूरा हो गया. शुरुआती जांच में घटना को आत्महत्या माना जा रहा है.

Advertisement
नदी से मिले परिवार के चार सदस्यों के शव. (File Photo: PTI) नदी से मिले परिवार के चार सदस्यों के शव. (File Photo: PTI)

aajtak.in

  • कोच्चि,
  • 28 जून 2026,
  • अपडेटेड 12:27 PM IST

केरल के एर्नाकुलम जिले से बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. जिस फैमिली को रविवार को नए घर में शिफ्ट होना था, उसी परिवार के चारों सदस्यों के शव नदी से बरामद हुए हैं. रविवार को सात साल की बच्ची का शव मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन पूरा हो गया. इससे पहले उसकी मां, दो साल के भाई और पिता के शव अलग-अलग दिनों में उसी नदी से बरामद किए जा चुके थे. शुरुआती जांच में पुलिस इसे कथित आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, मामला एर्नाकुलम जिले के पिरावोम इलाके का है. रविवार सुबह पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था. कुछ देर बाद नदी से सात साल की बच्ची का शव बरामद कर लिया गया. इसके साथ ही परिवार के चारों सदस्यों की तलाश पूरी हो गई.

इससे पहले शुक्रवार को बच्ची की मां विजी और दो साल के बेटे के शव नदी से मिले थे. जांच के दौरान पुलिस ने उनकी पहचान की. ये लोग कोठामंगलम में किराए के मकान में रहते थे. इसके बाद लापता पिता नारायणन और बेटी की तलाश शुरू हुई. शनिवार को नारायणन का शव भी बरामद कर लिया गया था.

यह भी पढ़ें: कर्ज के बोझ में टूटा परिवार... बेंगलुरु में 4 लोगों ने की सामूहिक आत्महत्या की कोशिश, दो जिंदगी के लिए लड़ रहे जंग

Advertisement

पुलिस की जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे इस घटना को और भी दर्दनाक बना देती हैं. अधिकारियों का कहना है कि परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. किराया नहीं चुका पाने की वजह से कुछ दिन पहले ही नारायणन अपने परिवार के साथ कोठामंगलम पुलिस के पास मदद मांगने पहुंचे थे. पुलिस ने उनकी मदद करते हुए परिवार के लिए वैकल्पिक तौर पर रहने की व्यवस्था भी कराई थी. इस फैमिली को रविवार को ही नए घर में शिफ्ट होना था, लेकिन उससे पहले यह घटना हो गई.

जांच के दौरान पुलिस को पिरावोम के एक रेस्टोरेंट की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है. इसमें गुरुवार को पूरा परिवार एक साथ खाना खाते हुए दिखाई दे रहा है. इसके बाद परिवार के साथ क्या हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है. रिश्तेदारों और परिवार के करीबी लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं.

फिलहाल पुलिस ने अननेचुरल डेथ का मामला दर्ज किया है. शुरुआती जांच में मामला कथित आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन अधिकारी हर पहलू की जांच कर रहे हैं. चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा. फिलहाल इस पूरे मामले में कई सवाल उठ रहे हैं. क्या आर्थिक तंगी ही इस घटना की वजह बनी, या इसके पीछे कोई और कारण भी था? यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »