कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को निशाना बनाकर सोशल मीडिया पर झूठी और भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में बेंगलुरु पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने 'जनता दल (सेक्युलर)' और 'कुमारस्वामी फॉर सीएम' फेसबुक पेजों के एडमिनिस्ट्रेटर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस को मिली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की एक वीडियो में मुख्यमंत्री को धोखेबाज के रूप में दिखाया गया और उनके खिलाफ गलत जानकारी फैलाई गई.
पुलिस ने बताया कि बेंगलुरु की सदाशिवनगर पुलिस ने 'कुमारस्वामी फॉर CM' और 'जनता दल (सेक्युलर)' फेसबुक पेजों के एडमिनिस्ट्रेटर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इन लोगों पर मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के खिलाफ झूठी, मानहानि करने वाली और भड़काऊ सामग्री फैलाने का आरोप है.
पुलिस ने बताया कि सदाशिवनगर के रहने वाले वकील दीपू सी.आर. द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, बुधवार को 'जनता दल (सेक्युलर)' के आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक वीडियो अपलोड किया गया था. इस वीडियो के साथ एक कैप्शन (शीर्षक) लिखा गया था, जिसका अर्थ था- 'पुरानी आदत फिर से शुरू हो गई है, जन्मजात स्वभाव जलने पर भी दूर नहीं होता.'
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को आदतन धोखा देने वाले के रूप में दिखाया गया है और उनके नाम से झूठी बातें जोड़ी गई हैं.
शिकायत में ये भी कहा गया है कि इस कंटेंट का मकसद गलत जानकारी फैलाना, समाज के कुछ वर्गों को भड़काना और सार्वजनिक शांति को भंग करना था.
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर सदाशिवनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 192 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है.
नागार्जुन