कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर 30 नवंबर को INDIA ब्लॉक की तरफ से 'पब्लिक इम्पीचमेंट' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों के नेता, सिविल सोसायटी के सदस्य और एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित लोग अपनी बात रखेंगे. पूर्व लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाएंगी. इससे पहले अध्यक्ष खड़गे ने बीजेपी का जिक्र करते हुए कहा कि अगर लगता है कि अच्छा प्रदर्शन किया है तो संसद भंग कर बैलेट पेपर से चुनाव कराना चाहिए.
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे, जबकि INDIA ब्लॉक के अलग-अलग दलों के प्रतिनिधियों को भी बोलने का मौका दिया जाएगा. राहुल गांधी कार्यक्रम में सबसे आखिर में अपनी बात रखेंगे.
यह भी पढ़ें: 'मोदी कहीं नहीं जाएगा...', खड़गे के 'बाप भी जाएगा' के जवाब में BJP का न्यू सॉन्ग
कार्यक्रम के जरिए विपक्ष ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराने और इस मुद्दे को सार्वजनिक मंच पर उठाने की तैयारी कर रहा है. कार्यक्रम में एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित लोगों को भी अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा. इसके अलावा सिविल सोसायटी के सदस्य भी अपनी बात रखेंगे. हालांकि, उपलब्ध जानकारी में कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा और इसमें शामिल होने वाले सभी वक्ताओं के नाम सामने नहीं आए हैं.
‘लड़ाई जारी रहेगी, लोगों को जगाने के लिए संघर्ष जरूरी’
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि विपक्ष की मांग अब भी यही है कि चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं. खड़गे ने कहा कि कभी संसद में उनकी पार्टी की सिर्फ दो सीटें हुआ करती थीं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं था कि पार्टी को अपनी लड़ाई छोड़ देनी चाहिए.
खड़गे ने कहा कि चुनाव में किसी पार्टी की जीत या हार से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि दूसरी पार्टी का अस्तित्व या पकड़ खत्म हो गई है. उनके मुताबिक, कभी-कभी चुनावी नतीजे ऐसे भी आते हैं, लेकिन इससे किसी पार्टी की राजनीतिक मौजूदगी खत्म नहीं हो जाती. उन्होंने बीजेपी को भी नतीजों को लेकर अहंकार नहीं करने की नसीहत दी.ॉ
यह भी पढ़ें: खड़गे के घर पर बैठेगी INDIA ब्लॉक की मॉक पार्लियमेंट, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की तैयारी
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर बीजेपी को लगता है कि उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है, तो उसे संसद भंग कर बैलेट पेपर से चुनाव कराने की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए. ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जारी रखने के सवाल पर खड़गे ने कहा कि इस मुद्दे पर सभी पार्टियां समर्थन कर रही हैं. उन्होंने बताया कि अगले दिन मॉक पार्लियामेंट आयोजित की जाएगी और 1 तारीख को रैली निकाली जाएगी. खड़गे ने कहा कि संघर्ष जारी रहेगा, क्योंकि जब तक लोग लड़ेंगे नहीं, तब तक वे जागरूक नहीं होंगे.
aajtak.in