IIT गोवा की भर्ती परीक्षा में ब्लूटूथ से नकल! CISF ने दो संदिग्धों को दबोचा

गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ ने आईआईटी गोवा की भर्ती परीक्षा में कथित नकल के आरोप में दो लोगों को पकड़ा. उनके सामान से ब्लूटूथ ईयरपीस, सिम कार्ड और प्रवेश पत्र मिले. एक व्यक्ति पर दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का भी आरोप है. पुलिस ने मामला दर्ज किया है.

Advertisement
नकल के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का आरोप (File Photo) नकल के दौरान दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने का आरोप (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:02 AM IST

 गोवा में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की भर्ती परीक्षा में कथित नकल का मामला सामने आया है. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने डाबोलिम हवाई अड्डे पर दो लोगों को ब्लूटूथ ईयरपीस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा. पुलिस ने दोनों के खिलाफ परीक्षा में कथित अनियमितता के आरोप में मामला दर्ज किया है.

सीआईएसएफ के एक अधिकारी के मुताबिक, यह मामला आईआईटी गोवा में गैर-शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए 10 अक्टूबर को हुई परीक्षा से जुड़ा है. शनिवार दोपहर एक यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से दिल्ली जाने वाला था. हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान उसके हाथ के सामान में संदिग्ध वस्तुएं दिखाई दीं. इसके बाद सामान की तलाशी ली गई.

Advertisement

तलाशी में मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ब्लूटूथ ईयरपीस
सीआईएसएफ अधिकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान यात्री के सामान से तीन इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, दो सिम कार्ड और तीन ब्लूटूथ ईयरपीस बरामद किए गए. अधिकारी ने दावा किया कि यात्री ने पूछताछ के दौरान इन उपकरणों का इस्तेमाल परीक्षा में नकल के लिए करने की बात स्वीकार की. उस यात्री ने सुरक्षा कर्मियों को यह भी बताया कि उसका एक साथी उसी उड़ान में सवार हो चुका है. इसके बाद विमानन कंपनी के कर्मचारियों की मदद से दूसरे यात्री को विमान से उतारा गया.

दूसरे यात्री के सामान से दो ब्लूटूथ ईयरपीस, एक सिम कार्ड और आईआईटी गोवा में प्रशासनिक सहायक पद के लिए हुई गैर-शिक्षण कर्मचारी भर्ती परीक्षा का प्रवेश पत्र बरामद हुआ. सीआईएसएफ अधिकारी के मुताबिक, दूसरे व्यक्ति ने भी कथित तौर पर स्वीकार किया कि ब्लूटूथ उपकरण का इस्तेमाल परीक्षा में नकल के लिए किया जाना था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: IIT बॉम्बे सुसाइड केस: साहिल को परीक्षा हॉल से बाहर ले जाने का CCTV फुटेज आया सामने, चैट जीपीटी से नकल करते पकड़ा गया था

दूसरे उम्मीदवार की जगह परीक्षा देने का भी आरोप
मामले में एक और गंभीर पहलू सामने आया है. सीआईएसएफ अधिकारी के अनुसार, पहले यात्री ने कथित तौर पर बताया कि उसने परीक्षा में किसी दूसरे अभ्यर्थी की जगह बैठकर परीक्षा दी थी. अधिकारी ने यह भी कहा कि हवाई अड्डे के सुरक्षा जांच क्षेत्र में फेंके गए दो अन्य व्यक्तियों के आधार कार्ड बरामद किए गए. इन दस्तावेजों का इस मामले से क्या संबंध था, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

दोनों व्यक्तियों से खुफिया और सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से पूछताछ की. इसके बाद उन्हें डाबोलिम हवाई अड्डा पुलिस के हवाले कर दिया गया. चूंकि परीक्षा केंद्र पोंडा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए दोनों के खिलाफ पोंडा पुलिस ने मामला दर्ज किया. सीआईएसएफ अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा जांच में तैनात कर्मियों की सतर्कता से कथित नकल में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का पता चला और दोनों यात्रियों को गोवा से बाहर जाने से पहले रोक लिया गया.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »