राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देश के अधिकतर राज्य इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है. तापमान लगातार बढ़ रहा है. कई जगहों पर पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है. भीषण लू और हीटस्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थिति से बचने के लिए सरकार ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील की है. केंद्र सरकार और दिल्ली प्रशासन ने लू एवं गर्मी से बचाव के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है.
सरकार द्वारा जारी इस पोस्टर में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि गर्मी बढ़ रही है. जोखिम भी बढ़ रहा है. हीटस्ट्रोक खतरनाक हो सकता है. बाजारों में खरीदारी करने वाले लोग, दुकानदार और बाहर काम करने वालों के लिए ये अलर्ट खासतौर पर महत्वपूर्ण है. आइए जानते हैं सरकार की ओर से जारी गर्मी और लू से सुरक्षित रहने के आसान और सरल उपाय.
शरीर को हाइड्रेट रखें
भरपूर मात्रा में पानी पिएं. घर से बाहर निकलते वक्त पानी की बोतल साथ रखें. संभव हो तो छाछ, शिकंजी, नारियल पानी या ORS का सेवन करें. ज्यादा कॉफी और अल्कोहल से बचें. गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी है.
सिर और शरीर को ढकें
दोपहर के सबसे तेज धूप (12 बजे से 4 बजे तक) में बाहर निकलने से बचें. अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर को कैप, कपड़े या छाते से ढकें. इससे सीधी धूप से बचाव होता है.सनग्लासेस और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें.
सही कपड़ों का चुनाव
गर्मी में हल्के रंग के सूती या लिनन के कपड़े पहनें. टाइट कपड़ों से बचें क्योंकि वे पसीना सोखते नहीं और शरीर का तापमान बढ़ा देते हैं. गर्मी में ढीले कपड़े शरीर को राहत देते हैं.
खान-पान पर ध्यान
हल्का और ताजा भोजन करें. तरबूज, खरबूज, खीरा, संतरा जैसे रसीले फल खाएं. इनसे शरीर में पानी की कमी नहीं होती. तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से बचें.
हीटस्ट्रोक के लक्षणों पर नजर
चक्कर आना, उल्टी, तेज बुखार, बेहोशी या ज्यादा पसीना न आना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी डॉक्टर या अस्पताल से संपर्क करें. अगर हालत गंभीर हो तो 102 या 108 पर कॉल करके एंबुलेंस बुलाएं.
aajtak.in