गुरुग्राम में दो दोस्तों के किराए पर कार लेकर उसे बेचने का मामला सामने आया है. दोनों दोस्तों ने घूमने के बहाने एक दुकान से दो दिन के लिए महिंद्रा थार (SUV) किराए पर ली. इसके बाद वो उस गाड़ी को वापस लौटाने के बजाय राजस्थान ले गए और वहां 2.3 लाख रुपये में उसे बेच दिया.
गुरुग्राम पुलिस ने रविवार को इस चौंकाने वाले मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. कोर्ट ने दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है और उनसे पूछताछ जारी है.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय मनोज पंवार और 23 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है. मनोज हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला है, जबकि सुमित झज्जर जिले का निवासी है.
ट्रिप का बहाना लेकर गए थे थार
सेक्टर-5 थाना पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-6 में कार रेंटल का बिजनेस करने वाले एक कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि 22 अप्रैल को एक व्यक्ति दो दिन के सफर पर जाने का बहाना बनाकर उनकी दुकान से महिंद्रा थार किराए पर ले गया था. लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी उसने गाड़ी वापस नहीं लौटाई और उसका फोन भी बंद आने लगा.
राजस्थान में औने-पौने दाम में बेची थार
कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस टीम ने शुक्रवार को झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से दोनों आरोपियों को धर दबोचा. गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
यह भी पढ़ें: नशे की लत ने बना दिया वाहन चोर, अजमेर पुलिस ने बरामद की 30 चोरी की बाइक, 2 शातिर गिरफ्तार
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, 'पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने एक ट्रिप पर जाने के लिए दो दिन के वादे पर थार किराए पर ली थी. लेकिन बाद में उनकी नीयत बदल गई और उन्होंने उस गाड़ी को राजस्थान में किसी दूसरे व्यक्ति को 2,30,000 रुपये में बेच दिया.'
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों का पहला जुर्म नहीं है. आरोपी मनोज और सुमित दोनों पहले भी कई गैर-कानूनी वारदातों में शामिल रहे हैं.
aajtak.in