दिल्ली-NCR में ठंड के साथ स्मॉग की एंट्री, लो प्रेशर-वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से इन राज्यों में बदलेगा मौसम

दिल्ली-NCR में गुलाबी ठंड के बीच प्रदूषण बढ़ने लगा है. राजधानी में AQI 245 पहुंचने के बाद GRAP का पहला चरण लागू कर दिया गया है. उधर, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और अन्य मौसमी सिस्टम के कारण 22 अक्टूबर को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं से मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है.

Advertisement
दिल्ली का इंडिया गेट 21 अक्टूबर 2026 की एक ठंडी सुबह स्मॉग की परत से ढका हुआ. (Photo: PTI) दिल्ली का इंडिया गेट 21 अक्टूबर 2026 की एक ठंडी सुबह स्मॉग की परत से ढका हुआ. (Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 22 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:48 AM IST

दिल्ली-NCR में सुबह, शाम और रात के वक्त हल्की ठंड के बीच अब हवा में प्रदूषण भी बढ़ने लगा है. दिन में धूप और रात में गिरते तापमान के बीच राजधानी की हवा बुधवार को इस सीजन में पहली बार खराब श्रेणी में पहुंच गई. वहीं, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और दूसरे वेदर सिस्टम के कारण देश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने 22 अक्टूबर को 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और वहां से आ रहीं सर्द हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान ​गिर रहा है, जिसके चलते ठंड का असर भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है.

Advertisement

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया और बांग्लादेश के ऊपर एक्टिव साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. वहीं, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो रही है. इन मौसमी गतिविधियों के बीच कुछ मैदानी इलाकों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है. बारिश और पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम ठंड का अहसास बढ़ रहा है.

दिल्ली-NCR में ठंड के साथ स्मॉग की एंट्री

दिल्ली-NCR में सर्दियों की आहट के साथ हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है. देश की राजधानी में बुधवार, 21 अक्टूबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 245 दर्ज किया गया. यह दिल्ली में इस सीजन का पहला खराब हवा वाला दिन रहा. एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में पहुंचने के साथ ही केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के पहले चरण को लागू कर दिया है.

Advertisement

दिल्ली में इससे पहले 13 जुलाई को AQI 246 दर्ज किया गया था. सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, 2015 से 2025 के दौरान दिल्ली की हवा अक्टूबर के पहले पखवाड़े में ही खराब श्रेणी में पहुंच जाती थी. इस साल 21 अक्टूबर को ऐसा हुआ, जो उपलब्ध आंकड़ों में सबसे देरी से दर्ज किया गया मामला है. एयर क्वालिटी अर्ली वॉर्निंग सिस्टम के मुताबिक, दिल्ली की हवा 23 अक्टूबर तक खराब श्रेणी में रह सकती है. इसके बाद के छह दिनों के पूर्वानुमान में भी खास सुधार की संभावना नहीं जताई गई है.

​

प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू रहेंगी सख्तियां

दिल्ली-NCR में GRAP का पहला चरण लागू होने के बाद निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की यांत्रिक सफाई और पानी का छिड़काव बढ़ाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं. कचरा और जैविक पदार्थ खुले में जलाने पर रोक के साथ प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. औद्योगिक इकाइयों, ईंट भट्ठों और हॉट मिक्स प्लांट की जांच भी तेज की जाएगी. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने प्रदूषण कम करने के प्रयासों के तहत गुरुवार से कामकाजी दिनों में 20 अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाने की घोषणा की है. दिल्ली सरकार ने एक नवंबर से वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) के बिना पेट्रोल पंपों पर ईंधन नहीं देने का नियम सख्ती से लागू करने की भी बात कही है. साथ ही 1 नवंबर से BS-VI स्टैंडर्ड वाले वाहनों को ही दिल्ली में प्रवेश मिलेगा. एंबुलेंस, इलेक्ट्रिक व्हीकल और अन्य जरूरी सेवाओं में लगे वाहनों को इस सख्ती से छूट रहेगी.

Advertisement

यूपी में गिरेगा तापमान, बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है. हाल के दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी. 22 अक्टूबर को कानपुर, कुशीनगर, बिजनौर, आगरा, मथुरा, श्रावस्ती, गोरखपुर, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ और देवरिया समेत कई इलाकों में मौसम में बदलाव संभव है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिल्ली-NCR के आसपास के इलाकों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी, बारिश का अलर्ट

पहाड़ी राज्यों में मौसम का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है. वहीं, हरिद्वार और ऋषिकेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी से ठंड बढ़ रही है. पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मैदानी क्षेत्रों में भी महसूस किया जा सकता है. अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट आने की संभावना है. मौसम में बदलाव के बीच पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है.

Advertisement

मध्य प्रदेश-राजस्थान में बारिश से बढ़ेगी ठंड

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम बदल रहा है. मध्य प्रदेश के करीब 21 जिलों और राजस्थान के 20 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है. दोनों राज्यों के कुछ हिस्सों में हाल की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, जयपुर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बताया गया है. बारिश और बादलों की आवाजाही से दिन और रात के तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है.

दक्षिण भारत समेत 15 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 22 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरलम, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, लक्षद्वीप, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह, नागालैंड और असम समेत कई राज्यों और क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है. कुल मिलाकर 15 राज्यों और क्षेत्रों के लिए बारिश का अलर्ट बताया गया है. तमिलनाडु के तटीय इलाकों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है, जबकि केरल के कुछ हिस्सों में भी बारिश जारी है. दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती हैं. महाराष्ट्र और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदलने की संभावना है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »