रविवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के निवासियों के लिए एक खुशनुमा और राहत भरी सुबह साबित हुई. सुबह-सुबह दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम तक मौसम ने अचानक करवट ली और काले बादलों के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई.
'रेनी संडे' की इस बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
रविवार तड़के से ही दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया. पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार, दिलशाद गार्डन, सीमापुरी और ईस्ट विनोद नगर जैसे इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिली. वहीं, सीमा से सटे नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह-सुबह मूसलाधार बारिश हुई, जिससे कई जगह जलमग्न नजर आए.
मौसम विभाग(IMD) के मुताबिक, 23 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे. सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 24°C से 26°C के बीच रहने की संभावना है.
ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान भी कई जगहों पर सामान्य के आसपास रहने की संभावना है. बता दें, सोमवार को भी दिल्ली में बारिश की संभावना जताई गई है.
इस बीच, कुछ दिनों से दिल्ली-एनसीआर में बारिश का दौर जारी है. शनिवार को भी सुबह-सुबह कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई. बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया. आने वाले दिनों में भी बारिश जारी रह सकती है.
वहीं, रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश हुई है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने को देश के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश तटों के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से ओडिशा और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. बिहार और झारखंड से लेकर अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, नागालैंड, मणिपुर व मिजोरम तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
aajtak.in