बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन अर्नब का असर कई राज्यों में दिख रहा है. आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश हुई है. दिल्ली-NCR में भी सुबह मौसम बदला और कई इलाकों में बारिश हुई. बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट है. तूफान कमजोर पड़ है, लेकिन इसके असर से अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रह सकता है.
1. दिल्ली-NCR में सुबह-सुबह बारिश
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह बादल छाए रहे. कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग ने दिल्ली के कई इलाकों के साथ नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लिए भी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है.
2. दिल्ली में तेज हवाएं चलने की आशंका
दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि, कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है.
3. आंध्र प्रदेश में तूफान से नुकसान
साइक्लोन अर्नब ने आंध्र प्रदेश और यनम के तट को पार किया. इस दौरान तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई. कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए. बिजली की लाइनें टूटने और सड़कों पर पानी भरने की खबरें भी सामने आईं. तटीय इलाकों में तूफान का असर ज्यादा रहा.
4. ओडिशा में बारिश की रफ्तार घटी
ओडिशा के रायगड़ा जिले में भारी बारिश के बाद अब इसकी रफ्तार कम हुई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, बारिश कम होने से तत्काल खतरा घटा है. हालांकि, प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट पर रखा है. जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियान चलाने की तैयारी है.
5. बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार में 29 और 30 अक्टूबर को कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने की सलाह दी गई है.
6. झारखंड में भी बदलेगा मौसम
झारखंड में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी दी है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है.
7. छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ में भी कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं, बिजली कड़कने और गरज-चमक की आशंका है. मौसम में बदलाव के चलते प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है.
8. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश हो सकती है. कई जगह गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. दिल्ली-NCR और हरियाणा में भी मौसम बदलने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोन से जुड़ी नमी उत्तर भारत में बारिश की वजह बन सकती है.
9. दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में ओले गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना जताई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं. लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.
10. कमजोर पड़ रहा है साइक्लोन अर्नब
आंध्र प्रदेश के तट को पार करने के बाद साइक्लोन अर्नब कमजोर हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह आगे चलकर डीप डिप्रेशन में बदल सकता है. हालांकि, तूफान कमजोर होने के बाद भी इससे जुड़ी नमी कई राज्यों में बारिश करा सकती है. इसलिए अगले कुछ दिनों तक मौसम पर नजर रखना जरूरी है.
aajtak.in