कर्नाटक में सरकार के नेतृत्व को लेकर जारी रार अब फिर से जोर पकड़ती नजर आ रही है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से फोन पर बात की है. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच भी इसे लेकर गहन चर्चा हुई है. प्रदेश सरकार में नेतृत्व को लेकर बनी भ्रम की स्थिति पर कांग्रेस हाईकमान अब गंभीर हो गया है.
जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस अध्यक्ष से बात की है. सूत्रों की मानें तो सीएम सिद्धारमैया ने कैबिनेट में बदलाव को जरूरी बताया है. सीएम ने यह भी कहा कि वह कैबिनेट में फेरबदल को लेकर ही पार्टी नेतृत्व से बात करना चाहते हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने सीएम सिद्धारमैया से कहा कि उनको जल्द दिल्ली बुलाया जाएगा.
सीएम सिद्धारमैया के बाद उनकी सरकार में डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी शीर्ष नेतृत्व से बात की है. डीके शिवकुमार ने साफ कहा है कि कोई भी फैसला लेने से पहले ढाई साल वाले वादे का भी ध्यान रखा जाना चाहिए. उन्होंने यह मुद्दा सुलझाने की मांग की. कर्नाटक में राजनीतिक अनिश्चितता का मसला कितना गंभीर हो गया है, इसका अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है तिरुवनंतपुरम में भी यह प्रमुखता से उठा.
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ ताजी हवा लेने दिल्ली नहीं आया हूं', क्यों बोले कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने तिरुवनंतपुरम में बैठक कर इस पर चर्चा की. कांग्रेस के दो शीर्ष नेताओं की यह बैठक 10 मिनट से ज्यादा समय तक चली. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बैठक में कर्नाटक के राजनीतिक हालात, सरकार और संगठन के नेतृत्व को लेकर बनी भ्रम की स्थिति पर चर्चा हुई.
यह भी पढ़ें: DK शिवकुमार के करीबी विधायक के घर पर ED की रेड, करोड़ों के बिटकॉइन केस से जुड़ा है मामला
कांग्रेस सूत्रों का दावा है कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, दोनों ही नेताओं को कांग्रेस नेतृत्व जल्द ही दिल्ली बुला सकता है. दोनों नेता पार्टी नेतृत्व के साथ बैठकर कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन और अन्य मुद्दों पर चर्चा करेंगे. यह बैठक अगले हफ्ते हो सकती है.
सगाय राज / नागार्जुन