यूथ कांग्रेस के खिलाफ BJYM का देशभर में प्रदर्शन, AI समिट की घटना को बताया 'देश विरोधी कृत्य'

देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध के बाद देशभर में बीजेपी युवा मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किए. उन्होंने राहुल गांधी पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया.

Advertisement
 इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हंगामे को लेकर भाजयुमो ने देशभर में यूथ कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. (Photo: X/@BJYM) इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हंगामे को लेकर भाजयुमो ने देशभर में यूथ कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. (Photo: X/@BJYM)

अंशुल सिंह

  • नई दिल्ली,
  • 21 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 1:07 PM IST

भारतीय जनता पार्टी (BJP) युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को देश के अलग-अलग शहरों में कांग्रेस पार्टी और उसके यूथ विंग NSUI के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. यह विरोध प्रदर्शन एक दिन पहले नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए विवादित प्रदर्शन के जवाब में किया गया. इस बीच दिल्ली पुलिस ने AI समिट के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने वाले इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है. 

Advertisement

इनमें से चार कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार करके शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया. पटियाला हाउस कोर्ट में दिल्ली पुलिस ने इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की 5 दिन की रिमांड मांगी. पुलिस ने दावा किया कि यूथ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन नेपाल में हुए Gen-Z विरोध प्रदर्शन से प्रेरित था और बड़ी साजिश का हिस्सा था. यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कोर्ट में पेशी से पहले भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनात रही.

वहीं बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली में 10 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ, सूरत, जम्मू समेत अन्य शहरों में भी कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इंडियन यूथ कांग्रेस द्वारा भारत मंडपम में इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान किया गया कृत्य बेहद शर्मनाक था. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए AI का मतलब ‘एंटी इंडिया’ है और इस तरह के प्रदर्शन से पूरी दुनिया में भारत की गलत छवि जाती है. उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से देश से माफी मांगने की मांग की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: AI समिट में प्रोटेस्ट करने वाले यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार, स्टिकर वाले छाते लेकर घुसने का था प्लान

इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भी कांग्रेस पर तीखा हमला बोला. उन्होंने AI समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में किए गए शर्टलेस प्रदर्शन को देश के हितों के खिलाफ बताया. स्मृति ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भारत मंडपम जैसे वैश्विक मंच का इस्तेमाल भारत को शर्मिंदा करने के लिए किया.उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य राजनीतिक विरोध नहीं था, बल्कि भारत के हितों पर सीधा हमला था और इससे देश के लोगों और उद्यमशीलता की भावना के प्रति कांग्रेस का तिरस्कार झलकता है.

इंडिया AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, 'AI समिट पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन चुका है, लेकिन कांग्रेस जिस तरह मूर्खता से नग्नता की ओर गिरी है, वह बेहद शर्मनाक है. इसे सिर्फ राजनीति या नकारात्मक राजनीति कहकर टाला नहीं जा सकता. यह सीधे तौर पर राष्ट्र का अपमान है. राहुल गांधी पहले कह चुके हैं कि उन्हें इंडियन स्टेट से लड़ना है और अब उनके लश्कर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. कांग्रेस का यह कृत्य देशवासियों को आहत करने वाला है. पूरा देश इस शर्मनाक हरकत से व्यथित है और जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी.'

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »