बीजेपी मुख्यालय में अब रोज होगी कार्यकर्ताओं की जनसुनवाई, राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लगेगी ड्यूटी

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में तरुण चुघ ने कार्यकर्ताओं की समस्या सुनने के लिए नई व्यवस्था लागू की है. पार्टी का मानना है कि इससे कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा.

Advertisement
पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ड्यूटी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगाई गई है. (Photo: ITG) पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ड्यूटी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगाई गई है. (Photo: ITG)

पीयूष मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:08 AM IST

देशभर से बीजेपी मुख्यालय पहुंचने वाले कार्यकर्ताओं की समस्याओं और उनकी बातों को सुनने के लिए पार्टी ने एक नई व्यवस्था शुरू की है. बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने इस संबंध में विशेष व्यवस्था की है.

इसके तहत अब पार्टी मुख्यालय में हर दिन राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और नियमित रूप से मल्टीपरपज हॉल में जनसुनवाई करेंगे. इस व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पार्टी मुख्यालय में विशेष तैयारियां की गई हैं. साथ ही, सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों की रोस्टर के आधार पर ड्यूटी भी लगाई गई है.

Advertisement

नई व्यवस्था के तहत बीजेपी मुख्यालय में प्रतिदिन दो राष्ट्रीय महासचिव और दो राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौजूद रहेंगे. इनके अलावा कई राष्ट्रीय मंत्री और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मुख्यालय में उपलब्ध रहेंगे, ताकि देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिल सके.

राष्ट्रीय महासचिवों की उपलब्धता के लिए दिनवार कार्यक्रम तैयार किया गया है. इसके तहत सोमवार को विनोद तावड़े और हरीश द्विवेदी, जबकि मंगलवार को सुनील बंसल और गजेंद्र पटेल पार्टी मुख्यालय में उपलब्ध रहेंगे.

बुधवार को बिप्लब कुमार देव और संजय भाटिया, जबकि गुरुवार को स्मृति ईरानी और तरुण चुघ की मौजूदगी रहेगी. शुक्रवार को सतीश पूनिया के साथ अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और मंत्री पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की बात सुनने के लिए उपलब्ध रहेंगे.

इसी के साथ पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्षों और राष्ट्रीय मंत्रियों की भी ड्यूटी लगाई है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलने में किसी तरह की परेशानी न हो और वे अपनी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को प्रभावी ढंग से पार्टी नेतृत्व के सामने रख सकें.

Advertisement

सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगे वरिष्ठ नेता

पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की ड्यूटी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगाई गई है, ताकि कार्यकर्ताओं को पर्याप्त समय दिया जा सके. बीजेपी का प्रयास है कि पार्टी मुख्यालय आने वाले कार्यकर्ताओं की बात सीधे वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचे और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में जरूरी कदम उठाए जा सकें.

आने वाले समय में कई राज्यों में चुनाव होने हैं. ऐसे में पार्टी ने कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद मजबूत करने और संगठनात्मक समन्वय को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है. इसके जरिए बीजेपी देशभर में अपने कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर और व्यापक संपर्क बनाए रखना चाहती है.

शनिवार और रविवार को मोर्चा अध्यक्ष सुनेंगे

नई व्यवस्था के तहत सोमवार से शुक्रवार तक बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय मंत्री पार्टी मुख्यालय में मौजूद रहेंगे. वहीं, शनिवार और रविवार को पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मुख्यालय में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं और सुझाव सुनेंगे.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में राज्यसभा सांसद और बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुघ ने यह नई व्यवस्था लागू की है. पार्टी का मानना है कि इससे कार्यकर्ताओं और शीर्ष नेतृत्व के बीच सीधा संवाद मजबूत होगा, संगठन की जमीनी प्रतिक्रिया और सुझावों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »