NEET प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ बिहार में चल रहा छात्र आंदोलन अब और अधिक उग्र राजनीतिक रूप ले चुका है. 25 जुलाई को आयोजित 'बिहार बंद' के दौरान पुलिसिया कार्रवाई और फायरिंग में घायल हुए छात्र आकाश यादव का हाल-चाल जानने के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फोन पर बात की.
पटना के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती रायबरेली के रहने वाले छात्र आकाश से मिलने भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ पहुंचे थे. उन्होंने वहीं से राहुल गांधी को फोन मिलाकर अस्पताल में इलाज करा रहे आकाश यादव की सीधी बात कराई.
राहुल गांधी और घायल छात्र के बीच फोन पर हुई बातचीत के अंश
विनोद जाखड़: 'भैया नमस्कार. भैया, ये जो पटना आंदोलन में शामिल होने रायबरेली से छात्र आकाश आए थे, इन्हें पुलिस कार्रवाई में गोली लगी है. ये मेदांता में एडमिट हैं, गोली निकाल दी गई है और अब थोड़े स्वस्थ हैं. ये आपसे बात करना चाहते हैं.
राहुल गांधी: 'हेलो...'
आकाश यादव: 'जी नमस्ते भैया'
राहुल गांधी: 'कैसे हो भाई?'
आकाश यादव: 'अब ठीक हूं भैया'
राहुल गांधी: 'कहां गोली लगी तुम्हें?'
आकाश यादव: 'बाएं कंधे में गोली लगी है भैया. अभी हाथ काम नहीं कर रहा है. डॉक्टरों ने कहा है कि एक महीने आराम कीजिए, उसके बाद फिर से आके चेकअप होगा. बोले हैं ठीक हो जाएगा.'
राहुल गांधी: 'बिल्कुल घबराओ मत, कोई दिक्कत नहीं है. अगर अस्पताल में कोई बात हो या मदद की ज़रूरत हो तो मुझे बता देना.'
आकाश यादव: 'हां भैया, जरूर बताएंगे.'
राहुल गांधी: 'पापा-मम्मी ठीक हैं?'
आकाश यादव: 'पापा ठीक हैं भैया... मम्मी बहुत पहले ही एक्सपायर हो गई थीं, जब हम बहुत छोटे थे.''
राहुल गांधी: 'बिल्कुल हिम्मत रखो और घबराओ मत.हम आपके साथ हैं.' देखें VIDEO:-
'सड़क से संसद तक मजबूती से साथ खड़े रहेंगे'
बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने छात्र आकाश को आश्वस्त करते हुए कहा कि छात्रों के अधिकारों, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की इस लड़ाई में वे सड़क से लेकर संसद तक पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे. उन्होंने दोहराया कि अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठाने वाले किसी भी छात्र को कभी अकेला नहीं छोड़ा जाएगा.
NSUI अध्यक्ष का सरकार पर हमला
इस अवसर पर NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि जब-जब देश के युवाओं और छात्रों पर अन्याय हुआ है, तब-तब राहुल गांधी उनकी आवाज बनकर सबसे आगे खड़े रहे हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में छात्रों पर बल प्रयोग और हिंसा लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
NSUI नेताओं ने कहा कि कोई भी सरकार गोलियों या लाठियों के दम पर छात्रों के न्यायसंगत आंदोलन को दबा नहीं सकती और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक कि पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता.
अनमोल नाथ