असम के धुबरी जिले में अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए 9 विदेशी नागरिकों को पकड़ा गया है. सभी संदिग्धों को आगे की कार्रवाई के लिए सीमा सुरक्षा बल के हाथों सौंप दिया गया है.
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने मंगलवार को X पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि इन लोगों को भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते देश से बाहर भेजने के लिए बीएसएफ के हवाले किया गया है. हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि पकड़े गए लोग किस समुदाय या देश से हैं और उन्हें धुबरी में किस जगह पकड़ा गया.
सरमा ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आखिरी पड़ाव धुबरी. अगला कदम देश से बाहर भेजना. 9 अवैध घुसपैठियों को भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते बाहर भेजने के लिए बीएसएफ को सौंप दिया गया है." उन्होंने आगे कहा, "संदेश साफ है, अवैध तरीके से सीमा पार करेंगे तो कानून का सामना करना पड़ेगा. मजबूत सीमाएं. कोई समझौता नहीं. ये नया असम है."
यह भी पढ़ें: असम CM के विजिलेंस सेल के DSP की होटल में मौत, 4 दिन बाद संदिग्ध हालत में मिला शव
बांग्लादेश से लगा है धुबरी जिला
बता दें, असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सलमारा-मनकाचर जिले बांग्लादेश के साथ लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं. इन जिलों से लगी भारत-बांग्लादेश सीमा की कुल लंबाई 267.5 किलोमीटर है.
असम के श्रीभूमि जिले के सुतारकांडी में एक एकीकृत जांच चौकी है. पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर कुल तीन एकीकृत जांच चौकियां हैं. बाकी दो चौकियां मेघालय के डावकी और त्रिपुरा के अखौरा में स्थित हैं.
इसके अलावा, असम में भारत-भूटान सीमा पर दरंगा में भी एक एकीकृत जांच चौकी मौजूद है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के मुताबिक, धुबरी में पकड़े गए सभी 9 विदेशी नागरिकों को देश से बाहर भेजने की शुरू कर दी है. उन्होंने अवैध घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने का संदेश भी दिया है.
aajtak.in