दिल्लीवालों के लिए 'संजीवनी' स्कीम लेकर आए केजरीवाल, 60 साल से ज्यादा उम्र के नागरिकों का होगा मुफ्त इलाज

अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि दिल्ली के हमारे सभी बुजुर्गों के लिए खुशखबरी है. दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी नागरिकों का इलाज मुफ्त होगा. ये केजरीवाल की गारंटी है.

Advertisement
अरविंद केजरीवाल अरविंद केजरीवाल

अमित भारद्वाज

  • नई दिल्ली,
  • 18 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. इससे पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना का ऐलान किया है. इसके तहत राजधानी के 60 साल से ज्यादा उम्र के बुजुर्गों का इलाज निशुल्क होगा.

केजरीवाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि दिल्ली के हमारे सभी बुजुर्गों के लिए खुशखबरी है. दिल्ली में 60 साल से ज्यादा उम्र के सभी नागरिकों का इलाज मुफ्त होगा. ये केजरीवाल की गारंटी है.

Advertisement

केजरीवाल ने कहा कि बुढ़ापे में एक चीज सभी को तकलीफ देती है. जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, वैसे-वैसे 100 बीमारियों आकर घेर लेती है. सबसे बड़ी चिंता इलाज की होती है. कई ऐसे लोगों को जानता हूं जो अच्छे परिवारों से आते हैं लेकिन उनके बच्चे उनका ख्याल नहीं रखते.

उन्होंने कहा कि रामायण में एक कहानी है, जब लक्ष्मण मूर्च्छित हुए थे तो हनुमान उनके लिए संजीवनी बूटी लेकर आए थे. आज मैं दिल्ली सरकार के बुजुर्गों के लिए संजीवनी योजना का ऐलान कर रहा हूं. 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का इलाज निशुल्क होगा. चुनाव के बाद इसकी योजना पारित करेंगे. इसमें किसी तरह की आय लिमिट नहीं होगी. आपको एक कार्ड मिलेगा, बस उस कार्ड को संभालकर रखना होगा. चुनाव के बाद जैसे ही आम आदमी पार्टी जीतेगी, योजना पारित कराकर इसे लागू किया जाएगा.

Advertisement

क्या है ये योजना?

दिल्ली सरकार की संजीवनी योजना के तहत 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों का निशुल्क इलाज होगा. सरकार या प्राइवेट दोनों तरह के अस्पतालों में निशुल्क इलाज होगा. इस योजना का लाभ उठाने के लिए आय की कोई सीमा नहीं है.

इस योजना के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता अगले दो से तीन दिनों में घर-घर जाकर बुजुर्गों का रजिस्ट्रेशन करेंगे. दिल्ली सरकार इलाज का पूरा खर्चा उठाएगी.

मालूम हो कि पिछले हफ्ते ही केजरीवाल ने महिला सम्मान योजना का ऐलान किया था, जिसके तहत दिल्ली की 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये जबकि चुनाव जीतने के बाद 2100 रुपये मिलना शुरू हो जाएंगे. 

बता दें कि ये ऐलान अगले साल होने जा रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले किया गया है. आम आदमी पार्टी तीसरी बार दिल्ली की सत्ता में लौटने की तैयारी कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »