आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं. कॉपी जांचने की प्रोसेस में खामियां मिल रही हैं और सरकार युवाओं की चिंताओं को नजरअंदाज कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बना देना चाहिए.
सरकार नहीं उठा रही ठोस कदम- केजरीवाल
जंतर-मंतर पर पहुंचे अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं. परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ियां हैं और मूल्यांकन प्रणाली में भी खामियां हैं. जब नीट का पेपर लीक हुआ था, तब 20 छात्रों ने आत्महत्या कर ली थी, लेकिन सरकार ने यह भरोसा दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया कि भविष्य में ऐसा नहीं होगा. इसके बाद भी कई परीक्षाओं के पेपर लीक हुए. सीबीएसई की मूल्यांकन व्यवस्था पर भी सवाल उठे, लेकिन जिस एजेंसी पर आरोप लगे, उसके खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई.'
'अहंकार में डूबी है सरकार'
केजरीवाल ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार अहंकार में डूबी हुई है. उन्होंने कहा, 'मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि युवाओं की आवाज सुन लीजिए, नहीं तो यही युवा 2029 में आपको सत्ता से बाहर कर देंगे.' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि अगर असल में शिक्षा व्यवस्था में बदलाव लाना है तो सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाया जाना चाहिए. उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं कि प्रधानमंत्री ऐसा नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें डर होगा कि सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव कर देंगे.'
अरविंद केजरीवाल ने सरकार को 2011 के अन्ना हजारे आंदोलन की याद भी दिलाई. उन्होंने कहा, 'इतिहास खुद को दोहराता है. इसी जंतर-मंतर पर 4 अप्रैल 2011 को अन्ना हजारे आंदोलन पर बैठे थे और तीन साल बाद उस समय की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी. अगर मौजूदा सरकार ने भी युवाओं की आवाज नहीं सुनी तो तीन साल बाद यही हाल उसका भी होगा.'
सौरभ भरद्वाज ने भी साधा निशाना
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल मंत्री बदल देने से शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं होगा. उन्होंने भी कहा कि अगर सरकार सच में बदलाव चाहती है तो वैज्ञानिक और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बनाए.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "जो भी नया शिक्षा मंत्री आएगा, यह जरूरी नहीं कि वह बेहतर ही साबित हो. देशभर के लोगों के मन में यही सवाल है कि सिर्फ धर्मेंद्र प्रधान की जगह किसी दूसरे नेता, जैसे नितिन गडकरी या स्मृति ईरानी को बैठाने से क्या बदल जाएगा? अगर सरकार सोनम वांगचुक जैसे वैज्ञानिक को देश का शिक्षा मंत्री बनाती है तो यह पूरी दुनिया के लिए एक मजबूत संदेश होगा."
सोनम वांगचुक में महात्मा गांधी की झलक- सौरभ भारद्वाज
उन्होंने कहा कि लोग सोनम वांगचुक में महात्मा गांधी की झलक देखते हैं. "वह सत्याग्रह कर रहे हैं, देश के लिए अपना जीवन दांव पर लगाने को तैयार हैं और अहिंसा के रास्ते सरकार तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी देना देश के लिए सकारात्मक संदेश होगा."
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी अरविंद केजरीवाल की उस अपील का समर्थन करती है, जिसमें सभी विपक्षी दलों, छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 20 जुलाई को संसद की ओर मार्च में शामिल होने का आह्वान किया गया है. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी एक दल का आंदोलन नहीं है, बल्कि शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेना चाहिए.
जब उनसे पूछा गया कि क्या अरविंद केजरीवाल भी 20 जुलाई को जंतर-मंतर से होने वाले प्रदर्शन में शामिल होंगे, तो सौरभ भारद्वाज ने कहा कि इस विषय पर उनकी अरविंद केजरीवाल से विशेष रूप से बात नहीं हुई है. हालांकि, उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस प्रदर्शन में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी इसमें शामिल होने की पुष्टि कर चुके हैं. भारद्वाज ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होंगे और उनकी कोशिश है कि सभी विपक्षी दल और सामाजिक संगठन भी इसमें भाग लें.
aajtak.in