आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में गुरुवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया. रायवरम के पास हरिकृष्णा ट्रेवल्स की एक प्राइवेट बस ने टिपर ट्रक से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में तुरंत आग लग गई और बस पूरी तरह जलकर राख हो गई. इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें कई यात्री जिंदा जल गए. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस घटना पर गहरा जताते हुए अधिकारियों से घायलों के इलाज की जानकारी ली. उन्होंने हादसे के कारणों की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं.
पुलिस ने बताया कि मार्कापुरम जिले के रायवरम के पास खदानों के समीप बुधवार की देर रात एक निजी बस और टिपर ट्रक में भीषण टक्कर की सूचना मिली थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में आग लग गई. हादसे में बस के अंदर फंसे 13 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई है, जबकि 20 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत पास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है.
पुलिस के अनुसार, बस तेलंगाना के निर्मल से आंध्र प्रदेश के नेल्लोर की ओर जा रही थी. चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला. देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई.
यहां देखें वीडियो
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत पीड़ादायक बताया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कमी न छोड़ी जाए. मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी चिंता जताई है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है. प्रशासन को पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
अपूर्वा जयचंद्रन