शारजाह से कोझिकोड आ रही एअर अरेबिया की एक फ्लाइट में शनिवार तड़के अचानक तकनीकी खराबी आ गई. इसके विमान को कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट करना पड़ा. कोच्चि में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई. न्यूज एंजेसी पीटीआई के मुताबिक कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि एअर अरेबिया की फ्लाइट G9 454 के इंजन रिवर्स थ्रस्ट सिस्टम में अचानक कुछ दिक्कत आ गई थी.
पायलट ने कोच्चि एयरपोर्ट के एटीसी से संपर्क किया और लैंडिंग की अनुमति मांगी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर सुबह 3:19 बजे लोकल स्टैंडबाय लागू किया गया. इसके बाद सुबह 3:34 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई. राहत और बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया. इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारियों के बीच विमान की सुबह 3:38 बजे रनवे पर सेफ लैंडिंग हुई.
इस फ्लाइट में 170 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे. यात्रियों के साथ विमान में 9 नवजात शिशु भी थे. विमान की लैंडिंग के बाद सभी को नीचे उतारा गया. जरूरी जांच पूरी होने के बाद सुबह 3:45 बजे एयरपोर्ट से इमरजेंसी हटा ली गई. इस दौरान बाकी उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा. इंजीनियरों द्वारा तकनीकी खराबी को ठीक करने के बाद, सुबह 7:15 बजे विमान ने कोझिकोड के लिए उड़ान भरी. विमान के कोझिकोड के लिए दोबारा उड़ान भरने तक सभी यात्रियों ने कोच्चि एयरपोर्ट पर इंतजार किया.
लखनऊ एयरपोर्ट पर भी टला था बड़ा विमान हादसा
लखनऊ मे भी शुक्रवार को चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होने से बच गया था. अहमदाबाद से लखनऊ होते हुए दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2111 के टॉयलेट में एक टिशू पेपर मिला, जिस पर 'बम' लिखा हुआ था.
पायलट की सूचना पर एटीसी ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई थी. इसके बाद बम निरोधक दस्ते, सुरक्षा एजेंसियों और डॉग स्क्वायड ने करीब 3 घंटे तक सभी 184 यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली थी. जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और ये महज एक अफवाह साबित हुई. सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद विमान शाम 4:28 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गया था.
aajtak.in