कराची हमले को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है. भारत ने कहा है कि पाकिस्तान दूसरों पर दोष देने के बजाय अपनी सरजमीं पर मौजूद आतंकी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करे. ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को 30 दिनों के अंदर दोबारा खोलने का दावा किया है. सेशेल्स दौरे पर पहुंचे PM मोदी ने रविवार को वहां के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की. नीट यूजी के री-एग्जाम में उम्मीद से कम छात्रों की मौजूदगी दर्ज की गई है. NTA के मुताबिक, 21 जून को हुई परीक्षा के लिए कुल 22.79 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था लेकिन इसमें से 2.79 लाख छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे. पढ़ें बड़ी खबरें...
1. 'अपने अंदर झांके PAK, आतंकी नेटवर्क पर करे कार्रवाई', कराची ब्लास्ट के आरोप को भारत ने किया खारिज
कराची हमले को लेकर पाकिस्तान के आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इन आरोपों को पूरी तरह से आधारहीन करार देते हुए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान दूसरों पर दोष देने के बजाय अपनी सरज़मीं पर मौजूद आतंकी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करे.
2. '30 दिनों में खुल जाएगा होर्मुज', ईरान की चेतावनी- कोई दखल न दे, वरना बढ़ेगा तनाव
ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को 30 दिनों के अंदर दोबारा खोलने का दावा किया है. ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसे ईरान और अमेरिका के बीच साइन हुए समझौते का हिस्सा बताया है. इसके साथ ही ईरानी विदेश मंत्री ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के प्रबंधन में किसी भी बाहरी देश या संस्था के हस्तक्षेप को लेकर सख्त चेतावनी भी दी है.
3. NEET ने तोड़ा छात्रों का मनोबल, 2.79 लाख ने नहीं दी परीक्षा, जान लें पहले का भी रिकॉर्ड
नीट यूजी के री-एग्जाम में उम्मीद से कम छात्रों की मौजूदगी दर्ज की गई है. NTA के मुताबिक, 21 जून को हुई परीक्षा के लिए कुल 22.79 लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था लेकिन इसमें से 2.79 लाख छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे. री-नीट में 87.75% छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई है जबकि 3 मई को हुई परीक्षा में 96.72% छात्र शामिल हुए थे.
4. Ex-CM बिप्लब देब ने गुपचुप रचाई दूसरी शादी, कन्नड़ सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस है पत्नी, त्रिपुरासुंदरी मंदिर में की पूजा
त्रिपुरा के पूर्व CM बिप्लब कुमार देब ने बेहद निजी समारोह में कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस त्रिवेणी राव से दूसरी शादी कर ली है. शादी को पूरी तरह गुपचुप रखा गया था और इसकी जानकारी तब सामने आई, जब खुद बिप्लब देब ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में न्यूली वेडेड कपल मां त्रिपुरासुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना करता नज़र आ रहा है.
5. डिफेंस, UPI से प्रत्यर्पण संधि तक... भारत-सेशेल्स के बीच हुए 19 बड़े समझौते, समुद्री सुरक्षा पर बनी सहमति
सेशेल्स दौरे पर पहुंचे PM मोदी ने रविवार को वहां के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की. इस दौरान भारत और सेशेल्स के बीच रक्षा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में कुल 19 समझौते हुए. पीएम मोदी ने कहा कि हिंद महासागर की सुरक्षा और समृद्धि दोनों देशों की साझा ज़िम्मेदारी है.
6. लद्दाख में ऑफ-रोडिंग पड़ी भारी, पर्यटकों पर लगा 2 लाख का जुर्माना
लद्दाख में प्रतिबंधित और इको-सेंसिटिव जोन में अवैध रूप से गाड़ियां ले जाने वाले पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हुई है. लद्दाख के वन्यजीव विभाग ने चार वाहनों पर ₹50,000 प्रति वाहन का जुर्माना लगाया है. इन पर्यटकों ने हाल ही में पैंगोंग झील और चांगथांग व नुब्रा के अन्य संरक्षित वन्यजीव क्षेत्रों में अवैध रूप से अपनी कारें चलाई थीं.
7. मेरठ विकास प्राधिकरण की वेबसाइट हैक, होमपेज पर दिखे पाकिस्तान समर्थक आपत्तिजनक संदेश
उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेरठ विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट हैक होने का मामला सामने आया है. साइबर हमले के बाद वेबसाइट के होमपेज को बदल दिया गया और वहां सामान्य जानकारी की जगह पाकिस्तान समर्थक आपत्तिजनक संदेश और नारे दिखाई देने लगे. वेबसाइट को तत्काल ऑफलाइन कर उसे मेंटेनेंस मोड में डाल दिया गया है.
8. 'हिज्बुल्लाह से सीरिया को निपटने दो', डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को दी सलाह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को सुझाव दिया है कि लेबनान में हिज़्बुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई सीरिया को करने दी जाए. ट्रंप का मानना है कि सीरिया की नई सरकार इस मोर्चे पर ज़्यादा प्रभावी साबित हो सकती है. हालांकि सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा ने किसी भी सैन्य हस्तक्षेप से इनकार करते हुए इन दावों को खारिज कर दिया है.
9. यूपी होमगार्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, ऐसे चेक करें अपना स्कोरकार्ड
UP पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने होमगार्ड भर्ती 2026 की रिटन परीक्षा का रिज़ल्ट जारी कर दिया है. परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों को अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट से गुज़रना होगा. पुरुषों को 28 मिनट में 4.8 किलोमीटर और महिलाओं को 16 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ लगानी होगी. इस भर्ती के ज़रिए 41, 424 के पद भरे जाएंगे.
aajtak.in