दशहरा पर अलग-अलग शहरों में विशालकाय रावण के पुतलों को जलाया गया. आतिशबाजी और दर्शकों की भारी भीड़ के बीच रावण का दहन किया गया. दशहरा के मौके पर राजधानी दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक कई शहरों में विशाल रामलीला का आयोजन किया गया. इस पावन पर्व पर देश के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने आयोजनों को और भी खास बना दिया.
(Photo- PTI)
नई दिल्ली में आयोजित रामलीला उत्सवों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई नेताओं ने धनुष-बाण साधकर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया.
(Photo- AP)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की ओर से आयोजित विजयादशमी समारोह में शामिल हुए. इस दौरान वो मंच पर धनुष और बाण के साथ रावण दहन किया. पीएम मोदी ने इस मौके पर देशवासियों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं और भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया.
(Photo- PTI)
पीएम मोदी ने मंच से देश को भी संबोधित किया. उन्होंने कहा, 'हमारे विचार एक जैसे हों, देश के सभी संस्थान और सभी राजनीतिक दल देश के हित के लिए एक साथ खड़े हों. हमें देश के दुश्मनों का सामना करने के लिए एक साथ खड़ा होना चाहिए. जो लोग देश के सम्मान को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं, जो समाज को बांटते हैं और जो हमारी संस्कृति से नफरत करते हैं- ये देश के दुश्मन हैं. आज, विजयादशमी के इस पावन मौके पर, हमें अपना इरादा फिर से पक्का करना चाहिए. हमें मां भारती के दुश्मनों को पहचानना होगा और उन्हें हराना होगा.'
(Photo- PTI)
द्वारका श्री रामलीला कमेटी की ओर से नई दिल्ली में आयोजित भव्य विजयादशमी महोत्सव में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिरकत की. इस तस्वीर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को धनुष उठाते हुए देखा जा सकता है. वहीं उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दूसरे वरिष्ठ नेता भी नजर आए.
(Photo- PTI)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को एक सार्वजनिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने भगवान श्रीराम की एक भव्य और सुंदर प्रतिमा भेंट की. इस तस्वीर में गृह मंत्री अमित शाह मुस्कुराते हुए इस स्मृति चिन्ह को स्वीकार करते नजर आ रहे हैं.
(Photo- PTI)
राजधानी के ऐतिहासिक लाल किले के मैदान पर नव श्री धार्मिक लीला कमेटी के दशहरा महोत्सव में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हिस्सा लिया. इस तस्वीर में उन्हें समिति के सदस्यों के साथ धनुष-बाण साधे देखा जा सकता है. बता दें कि लाल किले की इस प्रसिद्ध रामलीला में हर साल देश-विदेश से हजारों लोग रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए आते हैं.
(Photo- PTI)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के पावन अवसर पर गोरक्षपीठ में पारंपरिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर सजे भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती करते नजर आए. इस दौरान सीएम योगी को पारंपरिक वेषभूषा में देखा गया.
(Photo- PTI)