'पड़ोसी से संबंध बनाओ, भविष्य संवर जाएगा', महिला की आवाज में आया फोन, देवी शक्ति का झांसा देकर रची साजिश, जानें पूरा मामला

चंद्रपुर जिले के नेरी गांव में एक महिला ने आरोप लगाया है कि पड़ोस में रहने वाले 60 साल के शख्स ने महिला की आवाज में फोन कर खुद को सरकारी अधिकारी बताया और ज्योतिष व देवी शक्ति का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
महिला को देवी शक्ति का हवाला देकर संबंध बनाने का दबाव.  (Photo: ITG) महिला को देवी शक्ति का हवाला देकर संबंध बनाने का दबाव. (Photo: ITG)

विकास राजूरकर

  • चंद्रपुर,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:30 PM IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. चिमूर तहसील के नेरी गांव की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पड़ोस में रहने वाले 60 साल के एक व्यक्ति ने महिला की आवाज में फोन कर खुद को सरकारी अधिकारी बताया और ज्योतिष तथा देवी शक्ति का सहारा लेकर उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से प्रभावित करने की कोशिश की. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है.

Advertisement

यह मामला नासिक के चर्चित अशोक खरात प्रकरण की तर्ज पर बताया जा रहा है. आरोप है कि किसी ऐप या तकनीक की मदद से महिला की आवाज बनाकर पहले पीड़िता का विश्वास जीता गया और फिर उसे यह समझाने की कोशिश की गई कि पड़ोसी के साथ शारीरिक संबंध बनाने से उसका और उसके परिवार का भविष्य उज्ज्वल होगा. हालांकि समय रहते महिला को पूरी साजिश का एहसास हो गया और उसने पुलिस से शिकायत कर दी.

महिला की आवाज निकालकर जीता भरोसा

जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर जिले की चिमूर तहसील के नेरी गांव निवासी 60 वर्षीय दत्तू पिसे पर अपनी रिश्तेदार पड़ोसी महिला को जाल में फंसाने का आरोप लगा है. पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले भी उसके करीब आने की कोशिश कर चुका था, लेकिन सफल नहीं हो पाया. इसके बाद उसने कथित रूप से नई साजिश रची. आरोपी दत्तू पिसे बीजेपी में तहसील उपाध्यक्ष रह चुका है. बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक चुनाव के दौरान पार्टी के विरोध में काम करने के कारण उसे पार्टी से निकाल दिया गया था. फिलहाल वह चिमूर की कृषि उत्पादन बाजार समिति में संचालक है.

Advertisement

पीड़िता के अनुसार, मई 2026 में उसके पति के मोबाइल पर दो अलग-अलग नंबरों से फोन आए. कॉल करने वाली महिला ने खुद को पुणे सहकारी आयुक्त कार्यालय की अधिकारी विद्या गोखले बताया. बातचीत के दौरान उसने नौकरी और जन्मतिथि का जिक्र किया. इसके बाद उसने ज्योतिष, वास्तु और कुंडली से जुड़ी बातें शुरू कीं. महिला का कहना है कि कॉल करने वाली ने उसके जीवन की कई ऐसी घटनाएं बताईं जो सही निकलीं. इससे उसका विश्वास बढ़ गया.

महिला के मुताबिक, बातचीत के दौरान कथित महिला ने कहा कि उसके घर के सामने रहने वाले शख्स के पास देवी शक्ति है और उससे संपर्क बनाए रखना चाहिए. इसके बाद उसने महिला से उसके वैवाहिक जीवन और निजी संबंधों से जुड़े बेहद व्यक्तिगत सवाल पूछे.

पीड़िता का आरोप है कि फोन करने वाली महिला ने कहा कि उसने पिछले 20 महीनों से शारीरिक संबंध नहीं बनाए हैं और यह उसके जीवन के लिए ठीक नहीं है. कथित तौर पर यह भी कहा गया कि यदि वह पड़ोसी दत्तू पिसे के साथ शारीरिक संबंध बनाएगी तो उसका और उसके बेटे का भविष्य उज्ज्वल होगा. महिला का आरोप है कि लगातार फोन कर उसे मानसिक रूप से प्रभावित करने और आरोपी के प्रति आकर्षण पैदा करने की कोशिश की गई.

Advertisement

महिला ने अपने बयान में बताया कि उसके पति कैंसर से पीड़ित थे और बाद में उनका निधन हो गया. उनके मोबाइल में हमेशा कॉल रिकॉर्डिंग चालू रहती थी. इसी वजह से दोनों नंबरों से हुई पूरी बातचीत रिकॉर्ड हो गई. रिकॉर्डिंग सुनने के बाद महिला को बातचीत के तरीके पर शक हुआ. उसे विश्वास हो गया कि विद्या गोखले बनकर बात करने वाली कोई महिला नहीं थी, बल्कि दत्तू पिसे ही महिला की आवाज बनाकर उससे बात कर रहा था.

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले से ही उस पर गलत नीयत रखता था और इसी वजह से उसने पूरी योजना बनाई. इसके बाद महिला चिमूर पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. उसने जांच के लिए अपना मोबाइल भी पुलिस को सौंप दिया, ताकि कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा सके.

यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि आरोप है कि महिला की आवाज की नकल कर, ज्योतिष और देवी शक्ति का सहारा लेते हुए एक महिला को शारीरिक संबंध बनाने के लिए मानसिक रूप से तैयार करने की कोशिश की गई. अब पुलिस कॉल रिकॉर्डिंग, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है. जांच के बाद ही पूरे मामले और कथित साजिश की सच्चाई सामने आ सकेगी.

Advertisement

पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

चिमूर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर दिनेश लिबडे ने आजतक को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इस तरह और कितने लोगों को निशाना बनाया है. फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है. पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी और शारीरिक प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »