रात में घर से निकला 52 वर्षीय व्यक्ति लापता, खाड़ी में डूबने की आशंका, सर्च ऑपरेशन जारी

महाराष्ट्र के ठाणे में 52 साल का एक व्यक्ति रहस्यमय तरीके से लापता हो गया. उसके खाड़ी में डूबने की आशंका जताई जा रही है. सीसीटीवी फुटेज में वह देर रात मिथाबंदर क्रीक की ओर जाते दिखा, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला. अंधेरा और तेज बहाव के कारण रात में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया. सुबह फिर रेस्क्यू शुरू हुआ.

Advertisement
अभी तक नहीं लगा लापता व्यक्ति का कोई सुराग. (Photo: Representational) अभी तक नहीं लगा लापता व्यक्ति का कोई सुराग. (Photo: Representational)

aajtak.in

  • ठाणे,
  • 15 मई 2026,
  • अपडेटेड 3:19 PM IST

महाराष्ट्र के ठाणे में 52 साल के व्यक्ति के खाड़ी में डूबने की आशंका के बाद प्रशासन ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. व्यक्ति बुधवार रात से लापता है. आखिरी बार उसे सीसीटीवी फुटेज में खाड़ी की ओर जाते हुए देखा गया था. घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि प्रशासन और स्थानीय मछुआरों की मदद से तलाश जारी है.

Advertisement

एजेंसी के अनुसार, लापता व्यक्ति की पहचान दत्ता लाहू शिनालकर के रूप में हुई है, जो ठाणे शहर के कोपरी इलाके के रहने वाले हैं. अधिकारियों के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:45 बजे वह सीसीटीवी कैमरे में मिथाबंदर क्रीक इमर्शन घाट की ओर जाते हुए दिखाई दिए थे. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका.

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो गुरुवार शाम प्रशासन को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा और खाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. हालांकि देर रात अंधेरा बढ़ने और खाड़ी में तेज बहाव के कारण राहत अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा.

यह भी पढ़ें: कृत्रिम झील में नहाते समय डूबने से युवक की मौत, साथ नहा रहे दोस्त भी नहीं बचा पाए

Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि रात में कम रोशनी और तेज पानी के बहाव की वजह से ऑपरेशन जारी रखना जोखिम भरा था. इसलिए सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार देर रात सर्च ऑपरेशन स्थगित कर दिया गया. शुक्रवार सुबह मौसम और रोशनी अनुकूल होने पर टीम ने फिर से खोज अभियान शुरू किया.

ठाणे म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि स्थानीय मछुआरे भी इस अभियान में मदद कर रहे हैं. स्थानीय मछुआरे पृथमेश खरकर अपनी नाव के साथ टीम में शामिल हुए हैं और मिथाबंदर क्रीक में लगातार तलाश की जा रही है. शुक्रवार सुबह से करीब तीन घंटे तक सर्च जारी रहा.

प्रशासन का कहना है कि अभी तक लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला है. हालांकि सीसीटीवी फुटेज और उनके आखिरी लोकेशन के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि वह खाड़ी में गिर गए या डूब गए हो सकते हैं. पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम तलाश कर रही है. फिलहाल परिवार के लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं और प्रशासन से जल्द से जल्द व्यक्ति का पता लगाने की उम्मीद कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement