'सड़क पर मत थूको' कहना पड़ा भारी, ऑटो चालक ने गुस्से में पत्थर उठाकर मारा और टूट गई बुजुर्ग की टांग, शिंदे बोले- हत्या के प्रयास का केस लगाओ

ठाणे में सड़क पर कुल्ला कर थूक रहे एक ऑटो चालक को टोकना बुजुर्ग दंपती को भारी पड़ गया. आरोप है कि चालक ने पहले बहस की और फिर बुजुर्ग पर पत्थर फेंक दिया, जिससे उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मामले में सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए हैं.

Advertisement
पत्नी के सामने बुजुर्ग पर बरसी हैवानियत. (Photo: Screengrab) पत्नी के सामने बुजुर्ग पर बरसी हैवानियत. (Photo: Screengrab)

विद्या

  • ठाणे ,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 6:04 PM IST

ठाणे के वेस्ट इलाके में स्थित विवियाना मॉल के पास हुई एक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. सड़क पर थूकने से रोकने पर एक बुजुर्ग पर कथित तौर पर ऑटो-रिक्शा चालक ने हमला कर दिया. इस हमले में बुजुर्ग के पैर में फ्रैक्चर हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और मामला राजनीतिक स्तर तक पहुंच गया. जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ सड़क पर टहल रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक ऑटो-रिक्शा चालक को सड़क किनारे चेहरा धोते, कुल्ला करते और बार-बार सड़क पर थूकते हुए देखा. बुजुर्ग ने चालक को ऐसा करने से मना किया और सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी.

Advertisement

बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की यह बात चालक को पसंद नहीं आई. इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई. आरोप है कि ऑटो चालक ने गुस्से में आकर बुजुर्ग के साथ धक्का-मुक्की की. वायरल वीडियो में भी दोनों के बीच विवाद होता दिखाई देता है. वीडियो के अनुसार, ऑटो चालक ने पहले बुजुर्ग को धक्का दिया और फिर एक बड़ा पत्थर उठाकर उनकी ओर फेंक दिया. पत्थर लगने से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया और उन्हें इलाज के लिए चिकित्सा सहायता लेनी पड़ी. बुजुर्ग दंपती की पहचान सरोज दस्तूर (75-76 वर्ष) और राधिका एस दस्तूर (70-72 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पारसी समुदाय से हैं और जुपिटर हॉस्पिटल के पास एक हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं। आरोपित ऑटो चालक निशांत शुक्ला (40 वर्ष) बताया गया है, जो विवियाना मॉल के पास ही रहता है.

Advertisement

सड़क पर थूकने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा फैल गया. कई लोगों ने आरोपी चालक के व्यवहार की कड़ी आलोचना की और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. वीडियो तेजी से वायरल हुआ और स्थानीय स्तर पर भी इस मामले की चर्चा होने लगी. बताया गया है कि वीडियो सामने आने के बाद शिवसेना और उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट के कुछ कार्यकर्ता आरोपी चालक की तलाश में जुट गए. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने पूरी रात उसकी खोज की और उसे पकड़ लिया. आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने चालक की पिटाई भी की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया.

फिलहाल आरोपी चालक वर्तक नगर पुलिस की हिरासत में है. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है. इस बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी मामले का संज्ञान लिया है. बुजुर्ग के पैर में फ्रैक्चर होने और वायरल वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने वर्तक नगर पुलिस स्टेशन से संपर्क किया. शिंदे ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. 

एकनाथ शिंदे ने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो देखा है. उनके अनुसार, बुजुर्ग व्यक्ति अपनी पत्नी के सामने पीटा गया और दोनों ही वरिष्ठ नागरिक हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी को खुले में थूकने से मना करना गलत है. शिंदे ने कहा कि चालक ने जिस तरह पत्थर उठाकर हमला किया, उससे बुजुर्ग की जान भी जा सकती थी.

Advertisement

शिवसेना और यूबीटी कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

उपमुख्यमंत्री ने पुलिस को आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि घायल बुजुर्ग को गंभीर चोट पहुंची है और इस मामले में मजबूत केस बनाया जाना चाहिए. फिलहाल इस घटना ने सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है. एक तरफ सड़क पर थूकने का विरोध करने वाले बुजुर्ग पर हमला हुआ, वहीं दूसरी तरफ वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई. अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है.


 

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »