महाराष्ट्र की राजनीति में शरद पवार की पार्टी NCP (SP) के कांग्रेस में संभावित विलय की चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने नया ऑफर दिया है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जाने के बजाय शरद पवार को NDA में शामिल होना चाहिए. आठवले ने यह भी कहा कि अगर पवार को BJP से कोई दिक्कत है तो वे उनकी पार्टी RPI में भी आ सकते हैं.
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, मुंबई में शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान रामदास आठवले ने कहा कि पहले वह खुद शरद पवार को कांग्रेस के साथ जाने की सलाह दे चुके हैं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं. उनके मुताबिक कांग्रेस पहले जितनी मजबूत नहीं रही, इसलिए पवार के लिए NDA एक बेहतर विकल्प हो सकता है.
कांग्रेस-NCP (SP) विलय की चर्चा क्यों तेज हुई?
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में यह चर्चा तेज है कि शरद पवार की अगुवाई वाली NCP का कांग्रेस में विलय हो सकता है. इस चर्चा को उस समय और बल मिला जब शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि कांग्रेस से निकली पार्टियों को फिर उसके साथ आ जाना चाहिए, ताकि BJP के खिलाफ मजबूत विपक्ष तैयार किया जा सके.
इसी प्रतिक्रिया का जवाब देते हुए आठवले ने कहा कि'कांग्रेस में जाने के बजाय पवार को NDA में आना चाहिए. अगर BJP से कोई दिक्कत है तो वह RPI में शामिल हो सकते हैं'. उनके इस बयान के बाद शरद पवार की सियासी रणनीति को लेकर चर्चाएं बढ़ गई हैं.
हालांकि, शरद पवार या उनकी पार्टी की ओर से कांग्रेस में विलय को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर पवार खेमे का रुख क्या रहता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है.
aajtak.in