महाराष्ट्र के पुणे स्थित मशहूर पर्यटन स्थल लोहागढ़ किले पर पिछले सप्ताह 26 वर्षीय कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत की खबर सामने आई थी. इस घटना ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया था. शुरुआती जानकारी में इसे एक हादसा बताया गया था और कहा गया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान पहाड़ी पर उनका पैर फिसल गया, जिससे वे खाई में गिर गए. लेकिन बीते कुछ दिनों में जांच आगे बढ़ने के साथ मामले ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया. जांच में सामने आया कि यह कथित तौर पर एक सुनियोजित साजिश थी, जिसे केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अंजाम देने की योजना बनाई थी.
कैसे पकड़ा गया चेतन चौधरी?
अब सवाल है कि मंगेतर सिया के अलावा दूसरे आरोपी चेतन चौधरी की पहचान कैसे हुई? दरअसल, एक सीसीटीवी फुटेज से सारा मामला खुला है. 33 डिग्री तापमान में आम ट्रैकर्स के अलावा हुडी पहनकर घूम रहे एक युवक की संदिग्ध हरकतों ने पुलिस का ध्यान खींचा और यहीं से मामले की दिशा बदल गई. जांच आगे बढ़ी तो कथित हत्या की साजिश की परतें एक-एक कर खुलती चली गईं.
'इतनी गर्मी में हुड कौन पहनता है?'
पुलिस के अनुसार, 18 जून को केतन अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहगढ़ किले पर ट्रैकिंग के लिए गया था. जांच के दौरान टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. वीडियो में केतन और सिया साथ चलते दिखाई दिए, लेकिन उनके कुछ मीटर पीछे एक अन्य युवक भी नजर आया. इस युवक ने शॉर्ट्स के साथ हुडी पहन रखी थी और हुडी को इस तरह चेहरे पर खींच रखा था कि उसकी पहचान करना मुश्किल था. इतना ही नहीं, उसने हुडी के ऊपर हेडसेट भी लगा रखा था.
जैसे ही सिया मुड़ी, चेतन बैठ गया
जांच अधिकारियों को सबसे ज्यादा हैरानी इस बात पर हुई कि उस समय इलाके का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस था. इतनी गर्मी में किसी व्यक्ति का इस तरह खुद को पूरी तरह ढंककर रखना सामान्य नहीं लगा. फिर एक अन्य फुटेज में पुलिस ने देखा कि जैसे ही सिया पीछे मुड़कर देखती है, हुडी पहना युवक तुरंत नीचे बैठ जाता है. इसी व्यवहार ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया.
जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि यह युवक चेतन चौधरी था. तकनीकी विश्लेषण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि सिया और चेतन के बीच लंबे समय से लगातार संपर्क था. पुलिस को दोनों के बीच हजारों कॉल और कई घंटों तक चलने वाली बातचीत के रिकॉर्ड मिले. इससे जांच एजेंसियों को दोनों के बीच अफेयर होने का संकेत मिला.
केतन ने नहीं लिया था किले का टिकट
लोहागढ़ किले के गेटकीपर धीरज जाधव ने आजतक को बताया कि किले में आते हुए चेतन चौधरी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था और वह पूरी तरह से लंबी बाजू वाले स्पोर्ट्स कपड़ों से ढंका हुआ था. जब जाधव ने उससे एंट्री टिकट मांगा, तो चेतन ने कहा कि वह ऊपर केवल एक्सरसाइज करने जा रहा है. इसके बावजूद उसने 25 रुपये का टिकट लेने से इनकार कर दिया.
पहले भी लोहागढ़ चलने को बोल चुकी थी सिया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ में यह भी सामने आया कि सिया पहले भी कई बार केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाने की कोशिश कर चुकी थी. परिवार के सदस्यों ने बताया कि 14 जून को भी वह केतन को वहां लेकर गई थी, जहां कथित तौर पर उसे खाई में धकेलने का प्रयास किया गया था, लेकिन वह बच गया था. इसके कुछ दिन बाद दूसरी कोशिश में सिया ने उसे मार ही डाला.
फिलहाल पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी डिजिटल तथा तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है.
एजेंसी के इनपुट के साथ
ओमकार