पुणे में कैब चालक और महिला IT इंजीनियर के बीच बहस का वीडियो सामने आया है. महिला IT इंजीनियर ने आरोप लगाया है कि चालक ने उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाने के बजाय बीच रास्ते में ही उतरने को कहा. इतना ही नहीं, महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और उनकी बदनामी करने का आरोप भी चालक पर लगा है.
मामले में पीड़ित महिला पूजा दीपक साव, उम्र 42 वर्ष, TCS कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करती हैं. आज दोपहर करीब एक बजे उन्होंने हिंजवड़ी स्थित TCS कंपनी जाने के लिए MH-12-YB-4831 नंबर की बाइक बुक की थी.
महिला ने चालक से सनीज वर्ल्ड, सुस की ओर से गाड़ी लेने को कहा. हालांकि, चालक ने इससे इनकार कर दिया. चालक का कहना था कि वह कंपनी के ऐप पर दिखाए गए रास्ते से ही जाएगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद शुरू हो गया.
बावधन ब्रिज पर महिला को उतरने के लिए कहा
आरोप है कि इसके बाद चालक ने बावधन ब्रिज पर गाड़ी रोक दी और महिला को नीचे उतरने के लिए कहा. साथ ही उसने किराए के पैसे भी मांगे. महिला का आरोप है कि जब चालक ने उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाए बिना बीच रास्ते में उतारने की कोशिश की, तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया.इसके बाद कैब चालक ने महिला के साथ बहस की और उनका वीडियो बना लिया. आरोप है कि चालक ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे महिला की बदनामी हुई.
पुलिस ने दर्ज किया NC
इस मामले में पूजा साव ने बावधन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अरविंद पवार ने जानकारी दी कि पुलिस ने इस मामले में अदखलपात्र अपराध (NC) दर्ज किया है. इस घटना के बाद एक बार फिर कैब/बाइक चालकों के व्यवहार और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. अब मांग की जा रही है कि यात्रियों के साथ इस तरह का व्यवहार करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
श्रीकृष्ण पांचाल